कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज
कानपुर देहात में पुलिस अधीक्षक ने की कानून-व्यवस्था की समीक्षा गोष्ठी
अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए राजपत्रित अधिकारियों को दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश

Kanpur Dehat, अमन यात्रा लाइव: जनपद में कानून-व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ बनाने और अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कैंप कार्यालय में एक उच्चस्तरीय समीक्षा गोष्ठी का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारी मौजूद रहे, जहां वर्तमान सुरक्षा व्यवस्था, हॉटस्पॉट क्षेत्रों, पिकेट और चेकिंग व्यवस्था की गहन समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी क्षेत्राधिकारियों को अपने-अपने सर्किलों में नियमित गश्त, सघन चेकिंग और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के कड़े निर्देश दिए गए। आमजन की सुरक्षा और असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखने के लिए पुलिस रिस्पॉन्स सिस्टम को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने पर जोर दिया गया, जिससे किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
सार्वजनिक शांति व्यवस्था में बाधा डालने या सुरक्षा तंत्र को चुनौती देने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की सुसंगत विधिक प्रक्रियाओं के तहत कड़ी निरोधात्मक कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून के नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) के सुसंगत प्रावधानों के अंतर्गत कठोर दंडात्मक कदम उठाए जाएंगे।



