कानपुर देहात में संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत,जांच में जुटी पुलिस
पिता से विवाद के बाद अलग रह रहा था परिवार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा मौत की वजह का खुलासा
पुखरायां। कानपुर देहात के भोगनीपुर कोतवाली क्षेत्र के देवीपुर गांव में सोमवार देर रात एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है। मृतक की पहचान देवीपुर गांव निवासी सुशील के 18 वर्षीय पुत्र मयंक गौतम के रूप में हुई है।
परिजनों के मुताबिक मयंक और उनके पिता सुशील के बीच लगभग एक साल से विवाद चल रहा था।इसी विवाद के कारण मयंक की मां अपनी बेटी अनुराधा 21 वर्ष और छोटे बेटे गोलू 11 वर्ष के साथ गुजैनी कानपुर नगर में रहने लगीं थीं।ताकि परिवार में शांति बनी रहे।परिजनों ने बताया कि मयंक अहमदाबाद में काम करता था।
करीब तीन चार दिन पहले वह अपना एडमिशन कराने के लिए गांव आया था।परिजनों ने मृत्यु का स्पष्ट कारण नहीं बताया है। घटना की सूचना मिलते ही देवीपुर चौकी प्रभारी अतेंद्र कुमार तत्काल मौके पर पहुंचे और घटना की छानबीन शुरू की। चौकी प्रभारी ने बताया कि मृत्यु का कारण अभी स्पष्ट नहीं है।शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।



