कानपुर देहात: रनियां नगर पंचायत में ईओ के खिलाफ सभासदों का हल्लाबोल
भ्रष्टाचार के आरोप में धरने पर बैठे, टेंडर प्रक्रिया में पक्षपात का आरोप
कानपुर देहात: आज सोमवार को रनियां नगर पंचायत में प्रशासनिक कार्यशैली को लेकर भारी आक्रोश देखने को मिला। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी (ईओ) की कार्यप्रणाली से क्षुब्ध होकर सभासदों ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सोमवार से सभी सभासद कार्यालय परिसर में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए हैं। हाथों में ‘ईओ हटाओ नगर पंचायत बचाओ’ और ‘भ्रष्टाचार बंद करो’ जैसे नारों लिखी तख्तियां लेकर सभासदों ने प्रदर्शन किया। सभासदों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं और ईओ को हटाया नहीं जाता, तब तक यह धरना जारी रहेगा।
धरना दे रहे सभासदों ने आरोप लगाया कि नगर पंचायत में टेंडर प्रक्रिया को पूरी तरह से पारदर्शी नहीं रखा गया है। उन्होंने मांग की है कि टेंडर ई-टेंडरिंग के माध्यम से निष्पक्ष तरीके से जारी किए जाएं। सभासदों का दावा है कि केवल चहेते ठेकेदारों को ही काम दिया जा रहा है, जो सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के विरुद्ध है। इसके साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि सभासदों द्वारा बताई गई जनसमस्याओं को ईओ द्वारा लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है और टाल-मटोल की जा रही है, जिससे वार्डों में उनकी छवि खराब हो रही है।
सभासदों ने अपनी मांगों को मजबूती से रखते हुए कहा कि विकास कार्य सभासदों की सीधी देख-रेख में होने चाहिए और बोर्ड की बैठकों के दौरान अनिवार्य रूप से वीडियोग्राफी कराई जाए ताकि भ्रष्टाचार पर लगाम लग सके। प्रदर्शन के दौरान सचिन शर्मा, अनूप त्रिवेदी, प्रशांत कुमार, विशाल सिंह सेंगर, सोनू कमल, मो मतलूम अली और अनित पाल लालू सहित कई अन्य गणमान्य लोग और ग्रामीण मौजूद रहे। सभासदों ने स्पष्ट किया कि वे भ्रष्टाचार और अपना अपमान अब और बर्दाश्त नहीं करेंगे।



