कानपुर देहात में प्रेम प्रसंग के शक में युवक की हत्या,एक आरोपी गिरफ्तार
मुख्य आरोपी फरार,पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी

कानपुर देहात के डेरापुर थाना क्षेत्र के खिरवां गांव में प्रेम प्रसंग के शक में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी।गंभीर रूप से घायल युवक को उपचार के लिए कानपुर हैलट अस्पताल में भर्ती कराया गया।जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड दिया।पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जबकि मुख्य आरोपी की तलाश अभी जारी है।जानकारी के मुताबिक खिरवा गांव निवासी शिवा उर्फ गोलू बुधवार देर रात खेतों पर गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला था।घटना की जानकारी मिलने पर परिजन उसे तत्काल उपचार के लिए कानपुर हैलट अस्पताल ले गए।जहां गुरुवार देर शाम उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।मृतक के पिता राजेंद्र की तहरीर पर डेरापुर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।जांच के दौरान पुलिस को मृतक की कॉल डिटेल से अहम सुराग मिले।जिसमें उसके चचेरे भाई अभिषेक और गांव के ही सुखबीर से आखिरी बातचीत सामने आई।
अपर पुलिस अधीक्षक राजेश पांडेय ने बताया कि अभिषेक का गांव की एक लड़की से प्रेम संबंध था।उसे शक था कि शिवा भी उसी लड़की से संबंध रखता है।इसी शक के चलते अभिषेक ने गुजरात में काम कर रहे अपने साथी सुखबीर को बुलाया और दोनों ने मिलकर उस पर चाकू से वार कर दिया।पुलिस ने कार्यवाही करते हुए आरोपी सुखबीर को गिरफ्तार कर लिया है।जिसके पास से मृतक का मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है।वहीं मुख्य आरोपी अभिषेक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
ये भी पढ़े- ई-लॉटरी से खुला 234 आवेदकों का भाग्य: कानपुर देहात में 20 मदिरा दुकानों का हुआ आवंटन



