कानपुर देहात: स्वतंत्रता दिवस समारोह 2026: उत्तर प्रदेश सरकार ने जारी किए विस्तृत निर्देश, भव्य और गरिमापूर्ण तरीके से मनेगा 80वां स्वतंत्रता दिवस
15 अगस्त को सरकारी और गैर सरकारी इमारतों, स्कूल-कॉलेजों में सुबह 8 बजे होगा ध्वजारोहण
राजेश कटियार, लखनऊ/कानपुर देहात। उत्तर प्रदेश सरकार ने 15 अगस्त 2026 को देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। मुख्य सचिव की ओर से प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों, कमिश्नरों और विभागाध्यक्षों को भेजे गए आदेश में स्वतंत्रता दिवस समारोह को पूरे उत्साह, भव्यता और गरिमा के साथ मनाने के निर्देश दिए गए हैं। इस वर्ष के समारोह का मुख्य उद्देश्य राष्ट्र के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करना तथा नागरिकों में देशभक्ति की भावना को और मजबूत करना है। 15 अगस्त को सुबह ठीक 8 बजे सभी सरकारी, गैर-सरकारी भवनों और शिक्षण संस्थाओं में राष्ट्रध्वज फहराया जाएगा और सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया जाएगा। इस पावन अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, कारगिल शहीदों के परिजनों, लोकतंत्र सेनानियों और सेना/पुलिस के वीर जवानों को उनके निवास स्थान पर जाकर या सार्वजनिक समारोहों में सम्मानित किया जाएगा।
पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए इस अवसर पर व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। स्कूलों और कॉलेजों में देशभक्ति पर आधारित वाद-विवाद, निबंध लेखन, कविता पाठ और खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। राष्ट्रीय ध्वज के महत्व और उसके सम्मान के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएंगे। इसके साथ ही सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की प्रदर्शनियां भी लगाई जाएंगी।स्वतंत्रता दिवस की शाम को सार्वजनिक स्थलों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा जिसमें राष्ट्रभक्ति के गीतों और नाटकों के जरिए सामाजिक समरसता, एकता और अखंडता का संदेश दिया जाएगा। सरकार ने स्पष्ट किया है कि सभी कार्यक्रमों का आयोजन पूरी तरह से गरिमापूर्ण ढंग से और तय गाइडलाइन्स के अनुसार किया जाए ताकि आम जनता में राष्ट्र के प्रति सम्मान और स्वाधीनता के मूल्यों को और बढ़ावा दिया जा सके।
इस संदर्भ में कानपुर देहात के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पाण्डेय ने बताया कि शासन से प्राप्त दिशा-निर्देशों के क्रम में जनपद के सभी परिषदीय प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, कंपोजिट और मान्यता प्राप्त विद्यालयों को आवश्यक निर्देश भेज दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के पावन पर्व पर सभी विद्यालयों में समय से गरिमापूर्ण ढंग से ध्वजारोहण सुनिश्चित किया जाएगा। इसके साथ ही बच्चों में राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत करने के लिए विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेलकूद, वाद-विवाद और निबंध लेखन जैसी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा जिसके सफल क्रियान्वयन के लिए सभी खंड शिक्षा अधिकारियों और प्रधानाध्यापकों को जिम्मेदारी सौंप दी गई है।



