कानपुर देहात: अमरौधा में विकास कार्यों की हकीकत परखने पहुंचे मुख्य विकास अधिकारी, मौके पर कम मिले श्रमिक तो दिए सख्त निर्देश
श्याम सुंदरपुर में नाली खुदाई कार्य का औचक निरीक्षण, मास्टर रोल के सापेक्ष शत-प्रतिशत उपस्थिति और समय पर भुगतान के आदेश
पुखरायां: कानपुर देहात के मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल ने विकासखंड अमरौधा की ग्राम पंचायत श्याम सुंदरपुर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) के तहत संचालित विकास कार्यों की जमीनी हकीकत परखी।
निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत में बम्बा से डड़वापुर तक नाली खुदाई का कार्य चल रहा था। यह कार्य 1.3 किलोमीटर लंबी नाली पर 1.92 लाख रुपए की प्राक्कलित लागत से कराया जाना प्रस्तावित है। मौके पर जब मास्टर रोल की जांच की गई, तो कुल 59 श्रमिकों के जनरेट मास्टर रोल के सापेक्ष 44 श्रमिक (21 पुरुष और 23 महिलाएं) ही उपस्थित मिले।
मुख्य विकास अधिकारी ने मौके पर मौजूद श्रमिकों और रोजगार सेवक से चल रहे कार्य और मजदूरी भुगतान की स्थिति के बारे में सीधी बातचीत की। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सभी श्रमिकों का मजदूरी भुगतान पूरी पारदर्शिता के साथ समय पर किया जाए। साथ ही खंड विकास अधिकारी और डीसी मनरेगा को हिदायत दी गई कि जनरेट मास्टर रोल के सापेक्ष श्रमिकों की शत-प्रतिशत उपस्थिति हर हाल में सुनिश्चित की जाए।
इस दौरान जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार तिवारी, उपायुक्त श्रम रोजगार अशोक कुमार, खंड विकास अधिकारी विश्राम सिंह, एपीओ सचिन सचान, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि आशीष सचान व जितेंद्र सचान, पंचायत सचिव आशिका सिंह, तकनीकी सहायक दीपेंद्र कुमार, रोजगार सेवक अरुण और मेट प्रीति देवी सहित अन्य संबंधित लोग मौजूद रहे।



