अपना देशफ्रेश न्यूज

छात्रों पर लाठीचार्ज मामला: पीड़ित छात्र को लेकर संसद मार्ग थाने पहुंचे राहुल गांधी, FIR दर्ज न होने पर धरने पर बैठे

साहिल का आरोप है कि 14 अगस्त को थाने जाने के बावजूद पुलिस ने उनकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की थी।

नई दिल्ली: संसद मार्च के दौरान छात्र प्रदर्शनकारियों पर कथित तौर पर लाठीचार्ज और पैलेट गन चलाए जाने के मामले में कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इस मुद्दे पर संसद के मानसून सत्र में जोरदार हंगामे के बाद अब लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पीड़ित छात्र साहिल लोचव को साथ लेकर संसद मार्ग थाने पहुंचे। थाने में प्राथमिकी (FIR) दर्ज न होने के विरोध में राहुल गांधी सीधे पुलिस उपायुक्त (DCP) कार्यालय पहुंचे और कार्रवाई की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए।
FIR दर्ज कराने की मांग पर अड़े
हरियाणा निवासी पीड़ित छात्र साहिल लोचव के साथ पहुंचे राहुल गांधी ने स्पष्ट किया कि जब तक मामले में पुलिस केस दर्ज नहीं करती, वह धरने से नहीं हटेंगे। उनके साथ पीड़ित परिवार, कांग्रेस नेता और वकीलों की टीम भी मौजूद रही। राहुल गांधी ने जॉइंट सीपी नूपुर सिंह और संबंधित डीसीपी से मिलकर तत्काल एफआईआर दर्ज करने की मांग की। इससे पहले राहुल गांधी प्रेस कॉन्फ्रेंस कर साहिल को पैलेट गन से लगी गंभीर चोटों को मीडिया के सामने ला चुके हैं। साहिल का आरोप है कि 14 अगस्त को थाने जाने के बावजूद पुलिस ने उनकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की थी।
सुप्रीम कोर्ट ने गठित की है 5 सदस्यीय जांच कमेटी
उल्लेखनीय है कि नीट (NEET) सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक के विरोध और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन में छात्रों पर पुलिस कार्रवाई का मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा है। शीर्ष अदालत ने मामले की जांच के लिए पूर्व जस्टिस आर. सुभाष रेड्डी की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय उच्च-स्तरीय जांच समिति (HPEC) का गठन किया है। इस समिति में पूर्व मुख्य न्यायाधीश रवि शंकर झा, पूर्व न्यायाधीश शालिंदर कौर, पूर्व सीबीआई निदेशक ऋषि कुमार शुक्ला और मेघालय के पूर्व डीजीपी एल.आर. बिश्नोई शामिल हैं, जो प्रदर्शनकारियों पर पुलिस ज्यादती के आरोपों की जांच कर रहे हैं।

Related Articles

AD
Back to top button