शिक्षाउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

UPTET 2026 रिजल्ट पर आपत्तियों के लिए ऑफलाइन आवेदन बंद, 10 सितंबर तक ई-मेल से भेजें प्रत्यावेदन

शिक्षा सेवा चयन आयोग ने जारी किया आधिकारिक ई-मेल; डॉ. प्रशांत कुमार बोले- समय-सीमा के बाद नहीं होगा विचार

प्रयागराज/ लखनऊ। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET-2026) के 26 अगस्त 2026 को घोषित परिणाम के संबंध में अभ्यर्थियों द्वारा अपने अनुतोष/आपत्तियों के लिए प्रस्तुत किए जा रहे प्रत्यावेदनों के संबंध में महत्वपूर्ण सूचना जारी की गई है। आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी अब अपना प्रत्यावेदन आयोग के ई-मेल upesscprayagraj@gmail.com पर भेज सकते हैं।

आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि आयोग द्वारा जारी विज्ञप्ति संख्या 1898/48/(2026)/परीक्षा/2026-27 दिनांक 01 सितंबर 2026 के क्रम में यह व्यवस्था की गई है। UPTET-2026 के घोषित परिणाम के पश्चात अपने अनुतोष के संबंध में प्रत्यावेदन प्रस्तुत करने के इच्छुक अभ्यर्थी अपना प्रत्यावेदन 10 सितंबर 2026 तक आयोग के उक्त ई-मेल पते पर अनिवार्य रूप से उपलब्ध करा दें।

उन्होंने स्पष्ट किया कि आज से आयोग कार्यालय में इस संबंध में ऑफलाइन माध्यम से कोई भी प्रत्यावेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा। अभ्यर्थियों को अपने प्रत्यावेदन निर्धारित अंतिम तिथि तक केवल ई-मेल के माध्यम से ही भेजने होंगे।

आयोग ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए अपने प्रत्यावेदन समयसीमा के भीतर उपलब्ध कराएं, ताकि प्राप्त प्रत्यावेदनों पर नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही की जा सके।

 

Related Articles

AD
Back to top button