कानपुर देहात: अनंतरामपुर में संदिग्ध परिस्थितियों में गेहूं के खेतों में लगी आग, किसानों की 15 बीघा फसल जलकर राख
प्रशासन ने दिया उचित मुआवजे का आश्वासन

पुखरायां।कानपुर देहात के भोगनीपुर तहसील क्षेत्र के अनंतरामपुर में संदिग्ध परिस्थितियों में गेहूं के खेतों में लगी भीषण आग में किसानों की 15 बीघा फसल जलकर राख हो गई।सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मियों और ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया।सूचना मिलने पर प्रशासन ने मौके पर जांच की और पीड़ित किसानों को उचित मुआवजा राशि दिलाए जाने का आश्वासन दिया।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक अनंतरामपुर गांव में शुक्रवार को गेहूं के खेतों में भीषण आग लग गई।देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।आग ने आसपास के खेतों को अपनी चपेट में ले लिया।अग्निकांड में किसानों की करीब 15 बीघा फसल पूरी तरह से जलकर राख हो गई।जिससे किसानों को भारी नुकसान हुआ है।
खेतों से उठती लपटों को देखकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया।हालांकि तेज हवा के कारण आग पर काबू नहीं पाया जा सका।घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय प्रशासन और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची।जिसके बाद दमकल कर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया।लेकिन तब तक पूरी फसल जलकर राख हो गई थी।इस आगजनी में गांव के किसान रामस्वरूप,रामनाथ,शिवकुमार,हरिओम,मुकेश,राजेश और सुरेश की गेहूं की फसलों को भारी नुकसान हुआ है।
किसानों के चेहरों पर मायूसी साफ तौर पर देखी जा रही है।ग्रामीणों के मुताबिक आग लगने के कारणों का पता नहीं लग सका है।शॉर्ट सर्किट या फिर किसी अन्य लापरवाही की आशंका जताई जा रही है।पीड़ित किसानों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।ताकि उनके नुकसान की भरपाई हो सके।
उपजिलाधिकारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि आग लगने की सूचना पर राजस्व टीम को मौके पर भेजा गया है।नुकसान का आकलन कर पीड़ित किसानों को उचित मुआवजा राशि उपलब्ध कराई जाएगी।
ये भी पढ़े- कानपुर देहात में कंटेनर चालक का संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका मिला शव



