कानपुर देहात: एएसपी राजेश कुमार पाण्डेय को दी गई भावभीनी विदाई, अब गाजियाबाद कमिश्नरेट में संभालेंगे कमान
एसपी श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने थपथपाई निवर्तमान एएसपी की पीठ, कार्यकाल को बताया बेमिसाल
कानपुर देहात। जनपद कानपुर देहात में तैनात अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) राजेश कुमार पाण्डेय का शासन के निर्देशानुसार कमिश्नरेट गाजियाबाद में अपर पुलिस उपायुक्त (ADCP) के पद पर स्थानांतरण हो गया है। इस उपलक्ष्य में बीते बुधवार की शाम पुलिस लाइन कानपुर देहात में एक भव्य एवं भावपूर्ण विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक महोदया श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय सहित जनपद के तमाम आला अधिकारियों ने उन्हें भविष्य के लिए मंगलकामनाएं दीं।
समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने अपर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार पाण्डेय के कार्यकाल की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि श्री पाण्डेय ने अपने सेवाकाल के दौरान अत्यंत कुशलता, निष्पक्षता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ जनपद की कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने में अपना बहुमूल्य योगदान दिया है। एसपी महोदया ने उनके नए दायित्वों के सफल निर्वहन हेतु अपनी हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित कीं और उन्हें प्रतीक चिन्ह, पुष्पगुच्छ व उपहार देकर सम्मानित किया।
विदाई की इस बेला में जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारियों (COs), थाना प्रभारियों और अन्य प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों द्वारा श्री राजेश कुमार पाण्डेय को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारी गणों ने उनके कुशल मार्गदर्शन और कार्यशैली को याद करते हुए अपने अनुभव साझा किए। कार्यक्रम के अंत में अत्यंत भावुक क्षणों के बीच उन्हें विदा किया गया। पुलिस परिवार ने उनके आगामी सफल कार्यकाल और बेहतर स्वास्थ्य की कामना की।
ये भी पढ़ें: कक्षा एक और दो के लिए आई एनसीईआरटी आधारित आनंदमय गणित



