कानपुर देहात: पुलिस लाइन्स में गूंजी एंटी-राइट गन, दंगाइयों से निपटने के लिए पुलिस ने परखी अपनी ताकत
रिजर्व पुलिस लाइन्स में दंगाइयों से निपटने और भीड़ नियंत्रण का हुआ सजीव प्रदर्शन।

कानपुर देहात। जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था को अक्षुण्ण बनाए रखने और किसी भी आकस्मिक स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए आज पुलिस प्रशासन ने अपनी तैयारियों को धार दी। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडेय के कुशल निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार पांडेय के मार्गदर्शन में रिजर्व पुलिस लाइन्स के परेड ग्राउंड में दंगा नियंत्रण (बलवा ड्रिल) का व्यापक अभ्यास कराया गया।
इस मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य पुलिस बल को आपातकालीन स्थितियों में जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने और समाज में भयमुक्त वातावरण बनाने के लिए प्रशिक्षित करना था। अभ्यास के दौरान पुलिसकर्मियों को सिखाया गया कि कैसे कम से कम बल प्रयोग करके उग्र भीड़ को नियंत्रित किया जा सकता है।
सुरक्षा उपकरणों का प्रदर्शन और संयम का पाठ
अभ्यास के दौरान रिक्रूट आरक्षियों और थानों से आए पुलिसकर्मियों को बॉडी प्रोटेक्टर, टियर गैस (आंसू गैस), और एंटी-राइट गन जैसे अत्याधुनिक सुरक्षा उपकरणों के सही और त्वरित उपयोग की बारीकियों से अवगत कराया गया। पुलिस बल को दो टीमों में बांटा गया था—एक टीम ने ‘बलवाइयों’ का रूप धारण किया, जबकि दूसरी टीम ने स्थिति को शांतिपूर्ण और रणनीतिक तरीके से नियंत्रित करने का शानदार प्रदर्शन किया।
अधिकारियों ने जोर देकर कहा कि दंगा जैसी स्थिति में तकनीक और शक्ति के साथ-साथ मानसिक संयम बनाए रखना सबसे जरूरी है। यह ड्रिल पुलिस की सामाजिक सद्भाव, समानता और शांति बनाए रखने की प्रतिबद्धता का एक हिस्सा है।
जिले के आला अधिकारी रहे मौजूद
सुरक्षा के इस बड़े अभ्यास के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी भोगनीपुर, क्षेत्राधिकारी पुलिस लाइन/सिकन्दरा, क्षेत्राधिकारी अकबरपुर और प्रतिसार निरीक्षक सहित जिले के समस्त थाना प्रभारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों के प्रदर्शन की समीक्षा की और उन्हें सुरक्षा मानकों को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
ये भी पढ़े- मिशन शक्ति 5.0: “नई किरण” ने बिखरे परिवारों को मिलाया, 42 में से 04 जोड़ों ने थामे एक-दूसरे के हाथ



