कानपुर देहात: मिशन शक्ति ने बढ़ाया छात्रा का हौसला, सालिहा फातिमा बनीं एक दिन की संयुक्त निदेशक अभियोजन
यूपी बोर्ड इंटरमीडिएट में प्रदेश में 10वां स्थान हासिल कर चुकी हैं सालिहा फातिमा।
कानपुर देहात। उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी ‘मिशन शक्ति फेज-5.0’ योजना महिलाओं की सुरक्षा, स्वावलंबन और सशक्तिकरण के उद्देश्य से लगातार नए आयाम स्थापित कर रही है। इसी कड़ी में शुक्रवार, 26 दिसंबर 2025 को जनपद कानपुर देहात में एक प्रेरणादायक पहल की गई, जहाँ यूपी बोर्ड इंटरमीडिएट की प्रदेश में 10वीं रैंक हासिल करने वाली मेधावी छात्रा सालिहा फातिमा को एक दिन के लिए संयुक्त निदेशक अभियोजन के पद पर आसीन किया गया।
महिलाओं के प्रति संवेदनशीलता का संदेश
यह अनोखी पहल महिलाओं के सशक्तिकरण और उन्हें प्रशासनिक कार्यों से रूबरू कराने के उद्देश्य से की गई थी। छात्रा सालिहा फातिमा ने संयुक्त निदेशक अभियोजन के पद पर बैठकर कार्यालय के कार्यों को समझा। इस अवसर पर मौजूद संयुक्त निदेशक अभियोजन, अजय कुमार श्रीवास्तव ने सालिहा को विभाग की कार्यप्रणाली, प्रभावी अभियोजन और अन्य शासकीय कार्यों की जानकारी दी।
सालिहा फातिमा की एक दिन की उपस्थिति में सभी पुलिस कर्मचारियों को महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों के प्रति और अधिक संवेदनशील रहने तथा त्वरित कार्यवाही करने की सख्त हिदायत दी गई। इस दौरान ज्येष्ठ अभियोजन अधिकारी अविनाश चंद्र चतुर्वेदी, अभियोजन अधिकारी राजेश कुमार, सहायक अभियोजन अधिकारी अभिमन्यु कुमार सिंह और अभय कुमार साहू सहित समस्त विभागीय स्टाफ उपस्थित रहा।
मेधावी छात्रों के लिए प्रेरणा बनी यह पहल
इस पहल से न केवल सालिहा फातिमा का हौसला बढ़ा है, बल्कि यह अन्य मेधावी छात्रों और विशेषकर छात्राओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी। ‘मिशन शक्ति’ का उद्देश्य ऐसी गतिविधियों के माध्यम से समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान और जागरूकता पैदा करना है, ताकि वे हर क्षेत्र में निर्भीक होकर आगे बढ़ सकें।
ये भी पढ़े- कानपुर देहात: विद्यालयों में संपर्क कर जानी शिक्षक समस्याएं



