कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

माती: ‘वीर बाल दिवस’ पर सम्मानित हुए जनपद के नन्हे शूरवीर, जिलाधिकारी ने थपथपाई पीठ

प्रधानमंत्री के वीर बाल दिवस कार्यक्रम का जनपद के स्कूलों में हुआ सजीव प्रसारण।

कानपुर देहात के माती स्थित मां मुक्तेश्वरी सभागार में शुक्रवार को ‘वीर बाल दिवस’ का भव्य आयोजन किया गया। जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में जनपद के उन नन्हे बहादुरों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने अपनी सूझबूझ और वीरता से दूसरों की जान बचाई।

बहादुर बच्चों को मिला वीरता पुरस्कार

समारोह में संविलियन विद्यालय अकबरपुर के कक्षा 4 के छात्र आदर्श को बंदरों के हमले से छोटे बच्चों को बचाने और संविलियन विद्यालय आलमचन्द्रपुर के कक्षा 8 के छात्र रिहान को एक घायल बालक को तत्काल अस्पताल पहुँचाकर उसकी जान बचाने के लिए ‘वीरता पुरस्कार’ से नवाजा गया। जिलाधिकारी ने दोनों बालकों के साहस की सराहना करते हुए उन्हें स्मृति चिन्ह और उपहार भेंट किए।

जिलाधिकारी ने बच्चों को किया प्रेरित

जिलाधिकारी कपिल सिंह ने बच्चों से सीधा संवाद करते हुए उन्हें शिक्षा के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में किसी भी समस्या या असमंजस की स्थिति में अपने अभिभावकों और गुरुओं से मार्गदर्शन लेने में संकोच न करें। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का लाइव प्रसारण भी दिखाया गया, जिसे विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ देखा।

क्या है वीर बाल दिवस का महत्व?

जिला प्रोबेशन अधिकारी रेनू यादव ने बच्चों को वीर बाल दिवस के इतिहास के बारे में बताया। उन्होंने जानकारी दी कि सिखों के दसवें गुरु, गुरु गोविंद सिंह जी के साहिबजादों की महान शहादत और उनकी वीरता को याद करने के लिए हर साल 26 दिसंबर को यह दिवस मनाया जाता है।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार, जिला सूचना अधिकारी, शिक्षक संत कुमार दीक्षित और विभिन्न विद्यालयों के और भी शिक्षक व छात्र उपस्थित रहे।

ये भी पढ़े- कानपुर देहात: विद्यालयों में संपर्क कर जानी शिक्षक समस्याएं

Related Articles

AD
Back to top button