कानपुर देहात में अब नहीं होगी गैस की किल्लत: डीएम और एसपी की हाई-लेवल मीटिंग, कालाबाजारी करने वालों की खैर नहीं
शिकायत पर तुरंत एक्शन: गैस उपभोक्ताओं के लिए हेल्पलाइन और फीडबैक तंत्र होगा मजबूत।

कानपुर देहात में गैस आपूर्ति व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने के लिए आज प्रशासन ने कड़े कदम उठाए हैं। जिलाधिकारी कपिल सिंह और पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय की संयुक्त अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय बैठक संपन्न हुई। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य जनपद में घरेलू और व्यावसायिक गैस की सप्लाई को बिना किसी बाधा के जारी रखना है।
बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी और सभी पूर्ति निरीक्षकों के साथ लंबी चर्चा की गई। वहीं सभी एसडीएम और क्षेत्राधिकारियों ने वर्चुअल माध्यम से जुड़कर अपनी रिपोर्ट पेश की। जिलाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि गैस सिलेंडर की डिलीवरी में कोई देरी नहीं होनी चाहिए और डिपो से लेकर डिस्ट्रीब्यूटर तक हर स्तर पर कड़ी मॉनिटरिंग की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने कालाबाजारी और जमाखोरी करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त रुख अख्तियार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि यदि कहीं भी अवैध भंडारण या निर्धारित दर से अधिक वसूली की शिकायत मिलती है, तो संबंधित के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि शिकायत निवारण तंत्र को इतना मजबूत बनाएं कि आम जनमानस को गैस के लिए भटकना न पड़े।
ये भी पढे- कानपुर देहात: गैस एजेंसियों पर उमड़ी भीड़ देख जिला प्रशासन अलर्ट पूर्ति निरीक्षकों ने मारा छापा


