कानपुर में होमगार्ड भर्ती परीक्षा का शंखनाद जिलाधिकारी ने खुद परखा सुरक्षा चक्र
चप्पे चप्पे पर मजिस्ट्रेट तैनात 53 केंद्रों पर सीसीटीवी की निगरानी में हो रही परीक्षा

कानपुर नगर में उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित होमगार्ड भर्ती परीक्षा आज पूरी पारदर्शिता और उत्साह के साथ शुरू हुई। परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने स्वयं कमान संभाली और सिविल लाइन स्थित जेएनके इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सीसीटीवी कंट्रोल रूम में बैठकर हर कमरे की गतिविधियों को देखा और केंद्र व्यवस्थापकों को कड़े निर्देश दिए।
शहर में कुल 53 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहाँ दो पालियों में परीक्षा संपन्न कराई जा रही है। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित हुई, जबकि दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित की गई। प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार, प्रत्येक पाली में लगभग 19,200 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं। परीक्षा को नकलविहीन बनाने के लिए प्रशासन ने तकनीक और मानव बल का बेहतरीन समन्वय किया है।
सुरक्षा के लिहाज से प्रत्येक केंद्र पर सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। केवल परीक्षा केंद्र ही नहीं, बल्कि रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और प्रमुख चौराहों पर भी पुलिस बल मुस्तैद रहा ताकि बाहर से आने वाले परीक्षार्थियों को कोई असुविधा न हो। जिलाधिकारी ने निरीक्षण के बाद संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराई जा रही है।
ये भी पढे- कानपुर देहात: अकबरपुर थाने में फरियादियों की उमड़ी भीड़ डीएम और एसपी ने खुद सुनीं जनता की समस्याएं



