कानपुर देहात में दो सप्ताह पूर्व लापता किशोरी का नहीं लगा सुराग
आक्रोशित परिजनों तथा ग्रामीणों ने पुलिस चौकी घेरी
- महिलाओं ने पुलिस के खिलाफ की नारेबाजी
- पुलिस पर लापरवाही का आरोप
- पुलिस ने बताया आरोपों को निराधार
कानपुर देहात के थाना मंगलपुर क्षेत्र में दो सप्ताह पहले लापता हुई नाबालिक किशोरी के मामले में शनिवार को ग्रामीणों ने पुलिस चौकी पर हंगामा किया।ग्रामीणों ने पुलिस कार्यवाही से असंतुष्ट होकर ट्रैक्टर लगाकर सड़क जाम कर दी और पुलिस पर निष्क्रियता का आरोप लगाया।नाबालिक किशोरी के पिता ने बताया कि उनकी बेटी पढ़ाई के लिए घर से निकली थी लेकिन घर वापस नहीं लौटी।
काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लग सका।बाद में उन्हें पता चला कि गांव का ही एक युवक विशाल उनकी बेटी को कथित तौर पर बहला फुसलाकर कहीं भगा ले गया है।परिजनों का आरोप है कि उक्त युवक पूर्व में भी उनकी बेटी को स्कूल जाते समय रोक चुका था।पीड़ित पिता ने आरोप लगाया कि उन्होंने इस मामले में संदलपुर चौकी पुलिस से शिकायत की थी लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला।जब वह थाने पहुंचे तो उन्हें बताया गया कि इस मामले में 22 मई को रिपोर्ट दर्ज कर ली गई थी लेकिन कोई प्रभावी कार्यवाही नहीं हुई।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी पक्ष के लोग लगातार उन्हें धमकी दे रहे हैं।पुलिस की कार्यप्रणाली से नाराज ग्रामीणों ने शनिवार को पुलिस चौकी के सामने ट्रैक्टर खड़ा कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।बड़ी संख्या में महिलाओं ने भी पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की।प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि पुलिस ने मामले में कोई ठोस कार्यवाही नहीं की और शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया।पुलिस ने आरोपों को निराधार बताया है।
थाना प्रभारी महेश दुबे ने बताया कि नाबालिक की बरामदगी और मामले की जांच के लिए लगातार आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही आवश्यक कार्यवाही पूरी कर ली जाएगी।
ये भी पढे- कानपुर देहात: राजपुर में दो ट्रकों की आमने सामने भिड़ंत में दो गंभीर घायल,भेजा गया जिला अस्पताल



