कानपुर देहात में नाबालिक से दुष्कर्म,दो के खिलाफ पॉस्को मामले में केस दर्ज
मां की शिकायत पर पुलिस जांच में जुटी

सिकंदरा: कानपुर देहात के सिकंदरा थाना क्षेत्र में नाबालिक किशोरी से दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है।पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।सिकंदरा थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि गांव का ही एक युवक सुनील कुशवाहा उनकी 17 वर्षीय नाबालिक बेटी को बहला फुसलाकर अपने साथ ले गया और उसके साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि इस घटना में गांव का ही एक युवक विशाल भी सुनील के साथ शामिल था।हालांकि उन्होंने दुष्कर्म का मुख्य आरोप सुनील कुशवाहा पर लगाया है।पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तहरीर के आधार पर सुनील तथा उसके साथी के खिलाफ पॉस्को समेत अन्य सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।थाना प्रभारी जनार्दन प्रताप सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।मामले की जांच की जा रही है।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें छापामारी कर रही हैं।उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।साक्ष्यों के आधार पर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।घटना को लेकर ग्रामीणों में रोष व्याप्त है।ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से नाबालिक को न्याय दिलाने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की मांग की है।



