कानपुर देहात में युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में की आत्महत्या
परिजनों में मचा कोहराम, पुलिस कार्यवाही में जुटी

कानपुर देहात के सिकंदरा थाना क्षेत्र के रोहिनी गांव में एक युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में खेत में लगे यूकेलिप्टस के पेड़ से फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की छानबीन में जुट गई है।मृतक की पहचान रोहिनी गांव निवासी कपिल के रूप में हुई है।
परिजनों ने बताया कि कपिल मानसिक तनाव और नशे का आदी था।बीती शनिवार की देर रात वह शराब के नशे में धुत होकर अपने पिता लालाराम दोहरे से जायदाद में हिस्सा मांग रहा था।इस दौरान उसने बार बार आत्महत्या करने की धमकी दी।इससे घबराकर परिजनों ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कपिल को समझाने का प्रयास किया।स्थित शांत होने के बाद पुलिस वापस लौट गई।पुलिस के जाने के बाद कपिल घर से कहीं चला गया।देर रात तक उसके वापस न आने पर परिजनों ने उसकी तलाश की लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल सका।
रविवार सुबह जब मृतक के बाबा मुरली अपने खेतों में पहुंचे तो उन्होंने कपिल का शव पेड़ से लटके देखा।परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।सूचना मिलते ही एस एस आई तबारक अहमद पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों तथा ग्रामीणों से घटना के बाबत जानकारी जुटाई।फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया।फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए।जिसके बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।कपिल अपने चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था।पिता लालाराम,पत्नी अनुपम,पुत्र आर्यन,अंशिका और वंशिका का रो रो कर बुरा हाल था।
थाना प्रभारी जनार्दन प्रताप सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मानसिक तनाव और घरेलू कलह आत्महत्या का कारण सामने आया है।शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।मामले की जांच की जा रही है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।
ये भी पढ़े- कानपुर: अटल आवासीय विद्यालय प्रवेश परीक्षा वीएनएसडी इंटर कॉलेज में संपन्न



