कानपुर देहात में संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका मिला ट्रैक्टर ड्राइवर का शव
शोर शराबा सुनकर ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और पुलिस और परिजनों को सूचना दी।

कानपुर देहात के रूरा थाना क्षेत्र के अकबरपुर रूरा मार्ग पर तिगाई गांव के पास खाई में एक पेड़ से ट्रैक्टर ड्राइवर का संदिग्ध परिस्थितियों में शव लटका मिला।घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर जांच पड़ताल कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की छानबीन में जुट गई है।
मृतक की पहचान अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के बरौला गांव निवासी 40 वर्षीय मुनीश कुमार उर्फ पिंटू संखवार के रूप में हुई है।वह बीते शुक्रवार रात करीब आठ बजे अपने पिता रामखिलावन के साथ बाइक से मुक्तापुर जाने की बात कहकर घर से निकला था।अगले दिन शनिवार सुबह करीब चार बजे पिता रामखिलावन बाइक लेकर घर लौट आए लेकिन पिंटू का कोई पता नहीं चला।काफी खोजबीन के बाद भी उसका कहीं सुराग नहीं लग सका तो शनिवार को पिंटू की पत्नी रूबी ने अकबरपुर थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।रविवार शाम करीब पांच बजे खेतों में काम कर रहे लोगों ने पेड़ से एक व्यक्ति का शव लटका देखा तो शोर मचाया।
शोर शराबा सुनकर ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और पुलिस और परिजनों को सूचना दी।सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे परिजनों ने मृतक की शिनाख्त मुनीश कुमार उर्फ पिंटू के रूप में की।घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर जांच पड़ताल की और साक्ष्य एकत्र किए।परिजनों का रो रो कर बुरा हाल था।थाना प्रभारी सुधीर भारद्वाज ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।मामले की छानबीन की जा रही है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।



