कानपुर देहात में 22 साल पुराने केस में बड़ा एक्शन, कोर्ट का वारंट मिलते ही दो सगे भाई पहुंचे सलाखों के पीछे
कानपुर देहात की राजपुर पुलिस को मिली बड़ी सफलता, सालों पुराने मामले में फरार चल रहे आरोपियों को किया गिरफ्तार

कानपुर देहात जिले में अपराध और अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत राजपुर थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। उच्च अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने काफी समय से फरार चल रहे दो वारंटी अभियुक्तों को धर दबोचा। यह दोनों आरोपी वर्ष 2004 के एक गंभीर आपराधिक मामले में कोर्ट द्वारा जारी वारंट के आधार पर वांछित चल रहे थे।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार राजपुर थाना पुलिस को न्यायालय द्वारा जारी गिरफ्तारी अधिपत्रों पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में पुलिस टीम ने रविवार की सुबह करीब 11 बजे खोजारामपुर गांव में दबिश देकर दो वारंटी मुनीम और उनके भाई रामगोविंद को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी सुन्दरलाल के पुत्र हैं और खोजारामपुर के ही रहने वाले हैं।
अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों के खिलाफ थाना राजपुर में वर्ष 2004 में मु0अ0सं0 08/2004 के तहत बलवा, मारपीट, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी देने और एससी एसटी एक्ट की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में कोर्ट द्वारा जारी वारंट की तामीली कराते हुए उप निरीक्षक नीरज कुमार, हेड कांस्टेबल सुरेन्द्र नाथ और आरक्षी उदयवीर सिंह की टीम ने यह कार्रवाई पूरी की। पुलिस अब गिरफ्तार दोनों आरोपियों को कोर्ट के समक्ष पेश करने की विधिक प्रक्रिया में जुटी है।
ये भी पढे- कानपुर देहात: राजपुर में सड़क हादसे में बाइक सवार गंभीर,भेजा गया जिला अस्पताल



