कानपुर देहात: रसूलाबाद पुलिस ने जानलेवा हमला करने वाले दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
आरोपियों पर नवंबर माह में पिता-पुत्र पर हमला करने का आरोप था।
कानपुर देहात जिले में अपराध नियंत्रण और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रसूलाबाद थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने पिता-पुत्र पर जानलेवा हमला करने के मामले में नामजद दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए अभियुक्तों पर हत्या के प्रयास सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज था।
घटना का संक्षिप्त विवरण
रतनपुर गांव निवासी धीरू सिंह ने 14 नवंबर 2025 को थाना रसूलाबाद में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने उनके पिता चन्द्रपाल सिंह और छोटे भाई अमन पर जान से मारने की नियत से घातक हमला किया था। इस तहरीर के आधार पर पुलिस ने आकिब खान, जावेद खान, मैहरोज खान, साबिर खान और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा संख्या 478/2025 दर्ज किया था। इसमें बीएनएस की धारा 109(1), 115(2), 118(1), 131, 324(5), 351(3), 3(5) और 117(2) के तहत कार्रवाई शुरू की गई थी।
गिरफ्तारी की कार्रवाई
थाना रसूलाबाद पुलिस टीम लगातार इन वांछित अपराधियों की तलाश में दबिश दे रही थी। आज शुक्रवार,मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सुबह करीब 10:00 बजे महेरा बम्बा रोड स्थित ब्रह्म देव स्थान के पास से दो अभियुक्तों को घेराबंदी कर पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपियों की पहचान साबिर उर्फ चुन्नू खान और उसके पुत्र आकिब खान के रूप में हुई है। पुलिस अब इन अभियुक्तों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया पूरी कर रही है।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण
-
साबिर उर्फ चुन्नू खान (65 वर्ष), निवासी ग्राम रतनपुर, थाना रसूलाबाद।
-
आकिब खान (26 वर्ष), निवासी ग्राम रतनपुर, थाना रसूलाबाद।
ये भी पढ़े- कानपुर देहात में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन की बड़ी कार्यवाही



