कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

कानपुर देहात: राजकीय सम्मान के साथ शहीद आरक्षी कुनाल भारती को दी गई अंतिम विदाई, पुलिस परिवार में शोक

पुलिस लाइन में एसपी श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि।

कानपुर देहात में तैनात यूपी 112 के आरक्षी कुनाल भारती के आकस्मिक निधन से पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है। शुक्रवार को पुलिस लाइन कानपुर देहात में शहीद जवान के पार्थिव शरीर को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। इस दौरान माहौल अत्यंत भावुक रहा और वरिष्ठ अधिकारियों ने पुष्प अर्पित कर शहीद को श्रद्धांजलि दी।

जानकारी के अनुसार, वर्ष 2018 बैच के आरक्षी कुनाल भारती (29 वर्ष) मूल रूप से जनपद फतेहपुर के ग्राम उमरी के निवासी थे। गुरुवार, 23 अप्रैल को पीआरवी की प्रथम शिफ्ट की ड्यूटी समाप्त करने के बाद वह अपनी मोटरसाइकिल से अकबरपुर कस्बा जा रहे थे। रास्ते में शहजाद पुर के समीप उनकी मोटरसाइकिल का क्रेन से भीषण एक्सीडेंट हो गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पीआरवी ने उन्हें तत्काल जिला अस्पताल अकबरपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देश पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारीगण और भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। शहीद जवान को सलामी दी गई और पूर्ण राजकीय सम्मान के साथ उनके पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव फतेहपुर के लिए रवाना किया गया। ड्यूटी के प्रति निष्ठा और समर्पण के लिए पहचाने जाने वाले कुनाल भारती की इस दुखद मृत्यु पर पुलिस परिवार ने गहरी संवेदना व्यक्त की है।


ये भी पढ़े-  आरक्षी स्वर्गीय केशव यादव को पुलिस लाइन में राजकीय सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई ।


 

Related Articles

AD
Back to top button