कानपुरउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

कानपुर : 98 जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न, श्रमिक परिवारों को मिला सामाजिक व आर्थिक संबल

इस आयोजन में कानपुर नगर, कानपुर देहात, औरैया, इटावा, फर्रुखाबाद तथा कन्नौज जनपदों के वर-वधुओं ने सहभागिता की।

कानपुर नगर: श्रम विभाग कानपुर द्वारा गुरुवार को राजकीय आईटीआई ग्राउंड, पांडु नगर में उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड, लखनऊ की कन्या विवाह सहायता योजना के अंतर्गत भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में कुल 98 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया, जिनमें 96 हिंदू एवं 2 मुस्लिम जोड़े शामिल रहे। इस आयोजन में कानपुर नगर, कानपुर देहात, औरैया, इटावा, फर्रुखाबाद तथा कन्नौज जनपदों के वर-वधुओं ने सहभागिता की।

सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत कुल 101 आवेदन प्राप्त हुए थे। बोर्ड की योजना के अनुसार पंजीकृत निर्माण श्रमिकों की पुत्रियों के विवाह हेतु प्रति लाभार्थी 85 हजार रुपये की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में प्रदान की जाएगी। वहीं, सामूहिक विवाह आयोजन व्यय के लिए प्रति जोड़े 15 हजार रुपये की धनराशि आयोजनकर्ता को उपलब्ध कराई जाती है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद कानपुर नगर रमेश अवस्थी ने दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। इस अवसर पर विधायक नीलिमा कटियार, मुख्य विकास अधिकारी कानपुर नगर अभिनव जे. जैन तथा अपर श्रम आयुक्त उत्तर प्रदेश जुनैद अहमद सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों को सुखद दांपत्य जीवन के लिए शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद प्रदान किया।

समारोह में वर एवं वधू पक्ष से अधिकतम पांच-पांच परिजनों एवं मित्रों को आमंत्रित करने की व्यवस्था की गई थी। हिंदू रीति-रिवाज से विवाह संस्कार पुरोहितों द्वारा संपन्न कराए गए, जबकि मुस्लिम जोड़ों का निकाह मौलवी द्वारा कराया गया। विवाहोपरांत प्रत्येक जोड़े को उपहार एवं पांच-पांच किलो मिष्ठान भेंट किया गया। साथ ही सभी अतिथियों के लिए भोजन एवं जलपान की समुचित व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई।

करीब दो हजार लोगों की संभावित उपस्थिति को देखते हुए आयोजन स्थल पर एंबुलेंस, मेडिकल टीम, शुद्ध पेयजल एवं अस्थायी शौचालय जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।

कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। आयोजन को सफल बनाने में अपर श्रम आयुक्त कानपुर क्षेत्र प्रदीप कुमार सिंह, सहायक श्रम आयुक्त राम लखन पटेल, नम्रता सिंह, कुलदीप सिंह, रीमा सिंह, कीर्ति कुरील, नवनीत श्रीवास्तव सहित विभिन्न जनपदों के श्रम प्रवर्तन अधिकारियों एवं श्रम विभाग के कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

 

 


ये भी पढे-  कानपुर देहात: 400 करोड़ का ‘महा-जमीन घोटाला’, पूर्व एडीएम और बैंक अफसरों पर एफआईआर


 

 

 

Related Articles

AD
Back to top button