कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

प्रधानमंत्री पर ‘अमर्यादित’ टिप्पणी से भड़का कानपुर देहात, सांसद अजेंद्र लोधी के खिलाफ महिलाओं ने खोला मोर्चा

रेणुका सचान का तीखा हमला: पुलिस स्टेशन गुंडे चलाते थे, सपा का इतिहास हमेशा रहा अपराधिक

कानपुर देहात के कलेक्ट्रेट माती परिसर में आज माहौल उस समय गरमा गया जब बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने हमीरपुर सांसद अजेंद्र सिंह लोधी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। मामला महोबा में सांसद द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ की गई कथित अमर्यादित और देश विरोधी टिप्पणी से जुड़ा है। इस बयान के वायरल होते ही जिले भर में गुस्से की लहर दौड़ गई और लोगों ने कलेक्ट्रेट का घेराव कर अपना विरोध दर्ज कराया।

प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा जिला अध्यक्ष रेणुका सचान और विधायक पूनम शंखवार ने किया। प्रदर्शनकारी महिलाएं हाथों में तख्तियां लिए हुए थीं जिन पर सपा सांसद से माफी की मांग लिखी हुई थी। जिला पंचायत कार्यालय में एकत्र होने के बाद कार्यकर्ताओं का विशाल हुजूम नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट की ओर बढ़ा। प्रदर्शन की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी कपिल सिंह खुद बाहर आए और प्रदर्शनकारियों से मिलकर उनकी बात सुनी।

जिला अध्यक्ष रेणुका सचान ने प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कहा कि जब तक सांसद अजेंद्र सिंह लोधी अपने शब्दों के लिए सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते तब तक यह आंदोलन थमता नजर नहीं आएगा। उन्होंने समाजवादी पार्टी के पुराने शासनकाल की याद दिलाते हुए कहा कि उत्तराखंड आंदोलन के समय महिलाओं के साथ हुआ व्यवहार और थानों में गुंडागर्दी का दौर प्रदेश भूला नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा के कार्यकाल में अपहरण और भ्रष्टाचार चरम पर था और आज उनके सांसद देश के प्रधानमंत्री के खिलाफ अपशब्दों का प्रयोग कर रहे हैं जिसे नारी शक्ति कतई बर्दाश्त नहीं करेगी।

विधायक पूनम शंखवार ने भी तीखे तेवर दिखाते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी के डीएनए में ही अराजकता है। उन्होंने कहा कि अपराधी और अराजक तत्वों के सदन में पहुंचने का परिणाम आज देश देख रहा है। इस प्रदर्शन में निर्मला दीक्षित, सुप्रिया गुप्ता, उमा द्विवेदी, राखी कक्कड़, राधा सविता, मीना कटियार, किरण अवस्थी, कंचन मिश्रा, दीपिका सेंगर, प्रियंका सोनकर, नीतू पांडे और रसना सोनकर सहित सैकड़ों महिलाएं सक्रिय रूप से शामिल रहीं।


ये भी पढे-  बंगाल में भाजपा की जीत पर डेरापुर में जश्न, आतिशबाजी और मिष्ठान वितरण


Related Articles

AD
Back to top button