गणतंत्र दिवस पर ‘प्रोजेक्ट नई किरण’ के समाजसेवियों का बढ़ा मान: मंत्री अजीत पाल सिंह ने प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित
बिखरे परिवारों को जोड़ने और सामाजिक सरोकारों के लिए कंचन मिश्रा सहित चार सदस्यों को मिला सम्मान

कानपुर देहात। 77वें गणतंत्र दिवस के गौरवशाली अवसर पर पुलिस लाइन में आयोजित मुख्य समारोह के दौरान ‘प्रोजेक्ट नई किरण’ के सदस्यों को उनके उत्कृष्ट सामाजिक कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्य मंत्री अजीत पाल सिंह ने समाज सेवा के क्षेत्र में मिसाल पेश करने वाले सदस्यों को प्रशस्ति पत्र भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया।
पुलिस लाइन के मुख्य मंच से सम्मानित होने वालों में समाज सेविका कंचन मिश्रा, डॉ. पूनम गुप्ता, राम प्रकाश यादव और जिया उल हक शामिल रहे। इन सभी सदस्यों को ‘प्रोजेक्ट नई किरण’ के माध्यम से पारिवारिक विवादों को सुलझाने, बिछड़े परिवारों को मिलाने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया है।
मुख्य अतिथि मंत्री अजीत पाल सिंह ने सम्मानित सदस्यों की सराहना करते हुए कहा कि सरकारी तंत्र के साथ-साथ जब समाज के प्रबुद्ध नागरिक अपनी जिम्मेदारी समझते हैं, तभी एक सशक्त समाज का निर्माण होता है। उन्होंने कहा कि ‘प्रोजेक्ट नई किरण’ जनपद में आपसी सुलह-समझौते और सामाजिक समरसता का एक बेहतरीन उदाहरण पेश कर रहा है।
समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय और अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। सम्मानित होने के बाद सदस्यों ने कहा कि यह सम्मान उनके दायित्वों को और अधिक मजबूती से निभाने की प्रेरणा देगा। पुलिस लाइन में आयोजित इस गरिमामयी कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह ने करतल ध्वनि से समाजसेवियों का स्वागत किया।



