कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज
झाँसी-कानपुर हाईवे पर खड़े ट्रक में घुसा तेज रफ्तार कंटेनर, चालक सहित तीन लोग घायल
तड़के 5:12 बजे भोगीसागर एचपी पेट्रोल पंप के सामने हुआ हादसा, पुलिस ने घायलों को सीएचसी पुखरायां भेजा

कानपुर देहात (भोगनीपुर)। भोगनीपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत झाँसी-कानपुर हाईवे पर शनिवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। भोगीसागर एचपी पेट्रोल पंप के सामने सड़क किनारे खड़े एक अज्ञात ट्रक में पीछे से आ रहे तेज रफ्तार खाली कंटेनर (UP 14 TT 4588) ने जोरदार टक्कर मार दी।
इस भीषण टक्कर में कंटेनर चालक फैदल (पुत्र साबिर, निवासी गुलावठी, जनपद बुलंदशहर) और उसमें सवार दो अन्य व्यक्ति सचिन (पुत्र प्रीतम, निवासी हापुड़) व अमित कुमार (पता अज्ञात) घायल हो गए। शनिवार तड़के करीब 5:12 बजे पीआरवी (5746) को हादसे की सूचना मिली।
सूचना पाते ही उपनिरीक्षक राजेंद्र कुमार रंजन पुलिस बल के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एंबुलेंस की मदद से तीनों घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पुखरायां भिजवाया। पुलिस के अनुसार मौके पर क्षतिग्रस्त वाहनों को किनारे कराकर हाईवे पर यातायात व्यवस्था को सुचारू कर दिया गया है और शांति व्यवस्था पूरी तरह कायम है।



