झींझक में पतंग उड़ाते समय किशोर छत से नीचे गिरकर घायल,हालत गंभीर
कानपुर देहात के मंगलपुर थाना क्षेत्र के झींझक कस्बे में शुक्रवार दोपहर पतंग उड़ाते समय एक किशोर छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया

- भेजा गया जिला अस्पताल
पुखरायां।कानपुर देहात के मंगलपुर थाना क्षेत्र के झींझक कस्बे में शुक्रवार दोपहर पतंग उड़ाते समय एक किशोर छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।घायल किशोर को झींझक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के पश्चात जिला अस्पताल रेफर किया गया है।किशोर की पहचान झींझक कस्बे के कमलाबाग निवासी कृष्ण कुमार के 11 वर्षीय पुत्र प्रांशु के रूप में हुई है।घटना के समय प्रांशु अपने घर की छत पर पतंग उड़ा रहा था।परिवार के अन्य सदस्य घर के नीचे अपने कार्यों में व्यस्त थे।पतंग उड़ाते समय प्रांशु अचानक छत से नीचे गिर गया।हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।घटना की जानकारी होने पर परिजनों ने आनन फानन में उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र झींझक में भर्ती कराया।जहां मौजूद चिकित्सक ने प्रांशु की हालत गंभीर देख उसे प्राथमिक उपचार के पश्चात बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।झींझक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक शिरोमणि सिंह ने बताया कि बच्चे को गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था।जिसके कारण उसे प्राथमिक उपचार के पश्चात जिला अस्पताल रेफर किया गया है।



