बिखरते परिवारों को मिला ‘नई किरण’: एसपी के नेतृत्व में 6 जोड़े खुशी-खुशी फिर साथ
मिशन शक्ति 5.0 के तहत कानपुर देहात पुलिस लाइन में चला अभियान, 30 मामलों में से 6 का सफलतापूर्वक हुआ समझौता।

कानपुर देहात। महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण की दिशा में उत्तर प्रदेश पुलिस के महत्वाकांक्षी अभियान ‘मिशन शक्ति 5.0’ के अंतर्गत, आज दिनांक 23 नवंबर 2025 को कानपुर देहात में ‘प्रोजेक्ट नई किरण’ (Project Nayi Kiran) की शुरुआत की गई। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडेय के निर्देशन में रिजर्व पुलिस लाइन स्थित सभागार कक्ष में इस पहल को शुरू किया गया, जिसका उद्देश्य बिखरे हुए परिवारों को फिर से एक सूत्र में बाँधना है।
परिवारों में लौटी खुशियाँ
‘प्रोजेक्ट नई किरण’ की पहली ही पहल में भारी सफलता मिली। कार्यक्रम के दौरान कुल 30 मामले सुनवाई के लिए आए, जो मुख्य रूप से पति-पत्नी के बीच विवादों से संबंधित थे।
प्रोजेक्ट नई किरण के सभी सदस्यों द्वारा दोनों पक्षों को धैर्यपूर्वक सुनाने और समझाने के बाद, इनमें से 6 परिवारों में आपसी सहमति के आधार पर सफलतापूर्वक समझौता कराया गया। समझौते के बाद पति-पत्नी खुशी-खुशी एक बार फिर साथ रहने के लिए तैयार हो गए। शेष प्रार्थना पत्रों में दोनों पक्षों को आगे की तारीख दी गई है।
टीम ने दिया विशेष सहयोग
एसपी श्रद्धा नरेंद्र पांडेय के निर्देशन में इस पहल को सफल बनाने में महिला सुरक्षा प्रकोष्ठ (महिला सहायता प्रकोष्ठ) और ‘नई किरण’ के सदस्यों की टीम ने विशेष भूमिका निभाई।
कार्यक्रम में थानाध्यक्ष सुषमा, महिला उपनिरीक्षक ज्योति, महिला कांस्टेबल (म0कां0) 1284 रीनू, म0का0 1149 शालू देवी, म0का0 शिवम पांडेय और म0का0 1195 पिंकी देवी ने सहयोग किया। साथ ही, ‘प्रोजेक्ट नई किरण’ के सदस्यगणों – कंचन मिश्रा, रामप्रकाश और जिआऊल हक का भी विशेष सहयोग रहा।
यह पहल सिद्ध करती है कि पुलिस न केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने का काम करती है, बल्कि सामाजिक और पारिवारिक एकजुटता स्थापित करने में भी महत्वपूर्ण योगदान देती है।
ये भी पढ़े- रनियां हाईवे पर हादसा: खड़े ट्रक से टकराया एमबीबीएस इंटर्न, हालत गंभीर



