मिशन शक्ति के तहत नेहरू इंटर कॉलेज में चला जागरूकता अभियान
प्रभारी निरीक्षक बोले महिलाओं की सुरक्षा उनकी प्राथमिकता

कानपुर देहात। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा नारी सशक्तीकरण व महिला सुरक्षा हेतु चलाई जा रही महत्वाकांक्षी योजना मिशन शक्ति अभियान फेज 5 के तहत थाना गजनेर पुलिस ने महत्वपूर्ण पहल की है।पुलिस ने बुधवार को नेहरू इंटर कॉलेज गजनेर में छात्राओं को महत्वपूर्ण जानकारी दी।
छात्राओं को सुरक्षा के टिप्स देते हुए महिला सुरक्षा दल की महिला उपनिरीक्षक सुमन देवी तथा प्रतिमा कुशवाहा ने कहा कि स्कूल कॉलेज रास्ते आते जाते समय अगर कोई मनचला उनके साथ छेड़छाड़ करता है तो घबराएं नहीं बल्कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं बालिकाओं की सुरक्षा के लिए जारी किए गए टोल फ्री नंबरों पर अपनी शिकायत दर्ज कराएं उन्हें तत्काल सहायता मुहैया कराई जाएगी।कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को उनकी सुरक्षा के प्रति जागरूक करना और उन्हें आत्मरक्षा के लिए सशक्त बनाना था।कार्यक्रम के दौरान उन्हें टोल फ्री नंबरों की जानकारी भी दी गई।
इनमें वूमेन पावरलाइन 1090,आपातकालीन सेवा 112,महिला हेल्पलाइन 181,मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 शामिल हैं।पुलिस टीम ने छात्राओं को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं से रूबरू कराते हुए योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।प्रभारी निरीक्षक जनार्दन प्रताप सिंह ने कहा कि पुलिस हमेशा महिलाओं की सुरक्षा के लिए तत्पर है।इस मौके पर महिला कांस्टेबल वंदना,प्रीति,सोलिका समेत बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं।



