प्रभारी मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने औरैया कलेक्ट्रेट में की विकास कार्यों की समीक्षा
अनियमितता बरतने वाले ठेकेदारों और लापरवाह अधिकारियों पर होगी एफआईआर।
औरैया। जनपद की प्रभारी मंत्री और राज्यमंत्री (महिला कल्याण एवं बाल विकास पुष्टाहार) प्रतिभा शुक्ला ने आज शनिवार को कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में विकास कार्यों और जनहितकारी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को दो टूक शब्दों में निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और मानकों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। बैठक में उन्होंने नए साल के लिए नई ऊर्जा के साथ जनपद को प्रदेश में शीर्ष स्थान पर लाने का आह्वान किया।
निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता पर नजर
प्रभारी मंत्री ने कहा कि जनपद में जो भी निर्माण कार्य चल रहे हैं, उनकी भौतिक प्रगति और गुणवत्ता की समय-समय पर स्थलीय जांच की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों के पूर्ण होते ही उन्हें संबंधित विभाग को हस्तांतरित करने की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाए ताकि जनता को उनका लाभ मिल सके। विकास कार्यों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और ठेकेदारों के विरुद्ध उन्होंने कठोरतम कार्यवाही के निर्देश दिए।
योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान तक पहुंचे
प्रतिभा शुक्ला ने निर्देश दिए कि शासन की लाभार्थी परक योजनाओं में केवल पात्र व्यक्तियों का ही चयन किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे योजनाओं का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करें ताकि समाज के अंतिम व्यक्ति को सामाजिक समानता और सरकारी लाभ मिल सके। उन्होंने मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर जनपद की रैंकिंग सुधारने के लिए मिशन मोड में कार्य करने को कहा।
स्वास्थ्य और विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी
बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सकों की अनुपस्थिति का मुद्दा उठाया। इस पर जिलाधिकारी डॉ. इन्द्रमणि त्रिपाठी ने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिए कि अब से प्रत्येक एमओआईसी (MOIC) को प्रतिदिन जूम मीटिंग के माध्यम से अपनी उपस्थिति दर्ज करानी होगी। वहीं, विद्युत विभाग की समीक्षा में बताया गया कि कार्यों में शिथिलता बरतने पर एक जूनियर इंजीनियर और चार मीटर रीडरों के विरुद्ध कार्यवाही की गई है।
निर्माण कार्यों की स्थिति और कानून व्यवस्था
जिलाधिकारी ने बताया कि जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय के निर्माण में अनियमितता मिलने पर ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने और एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया चल रही है। इसके साथ ही शेरगढ़ घाट पर यमुना नदी पर पुल और स्टेडियम निर्माण जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स पर भी चर्चा हुई। पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने कानून व्यवस्था की जानकारी देते हुए बताया कि ‘मिशन शक्ति 5.0’ और ‘यातायात माह’ के जरिए जनता को जागरूक किया जा रहा है।
बैठक में उपाध्यक्ष राज्य मद्य निषेध परिषद बृजेश शुक्ला, जिलाधिकारी डॉ. इन्द्रमणि त्रिपाठी, एसपी अभिषेक भारती, भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया और मुख्य विकास अधिकारी संत कुमार सहित सभी विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
ये भी पढ़े- कानपुर देहात: बरगवां में 1 जनवरी से शुरू होगा 7 दिवसीय क्रिकेट महाकुंभ



