रनियां में दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, युवक की मौत, किशोरी गंभीर
हादसे में 18 वर्षीय किशोरी गंभीर रूप से घायल, हैलट रेफर।
कानपुर-देहात के रनियां थाना क्षेत्र अंतर्गत उमरन के पास मकर संक्रांति के दिन एक भीषण सड़क हादसा हो गया। कानपुर से अकबरपुर की ओर जा रही एक तेज रफ्तार बाइक को अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ बैठी एक किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गई।
ड्यूटी के बाद अकबरपुर की ओर जा रहे थे दोनों
मूल रूप से रूरा के प्रेमापुर निवासी अंकित कुमार प्रजापति (20) अपनी मां के साथ रनियां के शिवाजी नगर में किराए के मकान में रहकर काम करता था। बुधवार को मकर संक्रांति पर अंकित अपनी मां को उनके मायके नन्दपुर छोड़कर ड्यूटी पर आया था। शाम को ड्यूटी खत्म करने के बाद वह दीक्षा पाल (18) को अपनी बाइक पर लेकर अकबरपुर की ओर जा रहा था, तभी उमरन के समीप काल बनकर आए एक वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
मेडिकल कॉलेज में युवक को मृत घोषित किया
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और लहूलुहान हालत में दोनों घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज भिजवाया। अस्पताल पहुँचने पर डॉक्टरों ने परीक्षण के उपरांत अंकित को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दीक्षा पाल की नाजुक हालत को देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर के हैलट अस्पताल (एलएलआर) रेफर कर दिया गया है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
अंकित की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया है। थानाध्यक्ष एसएन सिंह ने बताया कि युवक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है और शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस दुर्घटना को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है। परिजनों से तहरीर मिलने के बाद मामले में अग्रिम विधिक कार्यवाही की जाएगी।
ये भी पढ़े- कानपुर देहात में आरपीएफ जवान की हार्ट अटैक से मौत,परिजनों में मचा कोहराम



