राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के तहत हुआ ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता का हुआ आयोजन
छात्रों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के तहत बीआरसी अकबरपुर के प्रांगण में ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
राजेश कटियार, कानपुर देहात। छात्रों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के तहत बीआरसी अकबरपुर के प्रांगण में ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में ब्लॉक के कंपोजिट व उच्च प्राथमिक विद्यालयों के बच्चों ने प्रतिभाग किया।
इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों के वैज्ञानिक ज्ञान, अवधारणात्मक स्पष्टता और मौखिक अभिव्यक्ति का समग्र आकलन करना था। प्रतियोगिता को तीन प्रमुख चरणों में विभाजित किया गया था। पहले चरण तथा दूसरे चरण में छात्रों को विज्ञान के मूलभूत सिद्धांतों और सामान्य ज्ञान पर आधारित लिखित प्रश्न पत्र हल करना था। लिखित परीक्षा में चयनित शीर्ष छात्रों को तीसरे चरण यानी साक्षात्कार के लिए बुलाया गया जहाँ उनके तार्किक चिंतन और विषय पर आत्मविश्वास का मूल्यांकन किया गया।
कार्यक्रम के समापन सत्र में खण्ड शिक्षा अधिकारी मनोज कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम 10 बच्चों को मोमेंटो, एटलस बुक व प्रमाण पत्र वितरित किए तथा समस्त प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए। समस्त प्रतिभागियों का खण्ड शिक्षा अधिकारी द्वारा उत्साहवर्धन किया गया।
प्रतियोगिता में विजेता छात्रों में प्रथम स्थान शिवानी यूपीएस मड़वाई, द्वितीय स्थान मोनी सीयूपीएस बिवाईन, तृतीय स्थान प्रशांत पाल सीयूपीएस हसनापुर, चतुर्थ स्थान रिया सीयूपीएस रूरा व पंचम स्थान आकांक्षा यूपीएस माती किशुनपुर ने प्राप्त किया।
प्रतियोगिता का आयोजन एआरपी महाराज सिंह, एआरपी अमित कुमार तिवारी, एआरपी ज्ञान बाबू, शिक्षक धर्मेंद्र पाल, शिक्षिका पारुल मित्तल आदि द्वारा किया किया गया। इस मौके पर अन्य शिक्षकगण भी उपस्थित रहे।



