कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

कानपुर देहात में लाखों रुपए के जेवरात व नगदी लेकर चोर हुए फरार, पुलिस छानबीन में जुटी

रसूलाबाद के पहाड़पुर गांव में वारदात, फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य; पुलिस कर रही छापेमारी।

कानपुर देहात: रसूलाबाद कोतवाली क्षेत्र के पहाड़पुर गांव में बीती मंगलवार की रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपए के जेवरात और नगदी चोरी कर ली। वारदात के समय घर के सभी सदस्य बाहर टीन शेड के नीचे सो रहे थे।

पीड़ित श्याम सुंदर ने बताया कि वह रात में अपनी शहबाजपुर रामगंगा नहर पुल के पास स्थित दुकान में सो रहे थे। सुबह उनकी पुत्री तनु ने उन्हें फोन पर चोरी की घटना की जानकारी दी। श्याम सुंदर के घर पहुंचने पर तनु ने बताया कि बुधवार सुबह करीब तीन बजे जब वह दाल पीसने उठीं, तो उन्होंने देखा कि घर का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था। शक होने पर उन्होंने भाई विकास को जगाया। दीवार के सहारे घर में दाखिल होने पर उन्होंने देखा कि आलमारी टूटी हुई थी और सारा सामान बिखरा पड़ा था।

श्याम सुंदर के मुताबिक, चोर घर के पीछे राजेश तिवारी के मकान की दिशा से अंदर घुसे। उनका अनुमान है कि चोरों का पहला मकसद छत पर रखे गेहूं धान की चोरी करना था, लेकिन जब उन्हें पता चला कि घर के अंदर कोई नहीं है, तो वे सीढ़ी से नीचे उतर आए और आलमारी का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित ने बताया कि चोर नगदी समेत लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए।

चोरी की सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी तिश्ती राजेश कुमार मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की। फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। पीड़ित ने गांव के ही एक युवक पर संदेह जताया है। चौकी प्रभारी राजेश सिंह ने बताया कि पुलिस चोरों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा कर लिया जाएगा।

Related Articles

AD
Back to top button