सावधान! क्यूआर कोड के नाम पर हो रही ठगी: औरैया पुलिस ने दो शातिर ठगों को दबोचा
दुकानदारों को झांसा देकर साफ करते थे बैंक खाता, 103 स्कैनर बरामद

औरैया: जनपद में साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती के नेतृत्व में साइबर थाना औरैया की टीम ने क्यूआर कोड बनाने और डिजिटल पेमेंट बॉक्स ठीक करने के नाम पर ठगी करने वाले दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से पुलिस ने ठगी के 2,29,600 रुपये नकद और भारी मात्रा में फर्जी क्यूआर कोड बरामद किए हैं।
ऐसे देते थे वारदात को अंजाम
सदर कोतवाली में प्रेस वार्ता के दौरान एसपी अभिषेक भारती ने बताया कि निगड़ा निवासी सुशील कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि करमपुर रोड स्थित उनकी दुकान पर आए अज्ञात युवकों ने फोन-पे बॉक्स ठीक करने का झांसा दिया और धोखाधड़ी से उनके खाते से 2,29,600 रुपये उड़ा दिए। जांच में जुटी टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर निखिलेश (कानपुर देहात) और गगन कश्यप (कानपुर नगर) को ककोर बंबा के पास से गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए ठगों ने कुबूल किया कि वे दुकानदारों से बैंकिंग जानकारी लेकर यूपीआई के माध्यम से रकम पार कर देते थे।
बरामदगी और पुलिस की अपील
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से पेटीएम के 16, भारत पे के 12 और फोन-पे के 75 क्यूआर स्कैनर (कुल 103 कोड), तीन मोबाइल और चार फर्जी सिम कार्ड बरामद किए हैं। एसपी ने जनता से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति को अपना फोन न दें और न ही कोई क्यूआर कोड स्कैन करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर दें।
ये भी पढ़े- बेटियों की सुरक्षा सर्वोपरि: कानपुर देहात पुलिस ने ‘मिशन शक्ति’ से जगाई अलख



