स्कूल चलो अभियान: कानपुर देहात के विद्यालयों में गूंजी शिक्षा की अलख, भव्य रैलियों से हुआ द्वितीय चरण का आगाज
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पाण्डेय ने फीता काटकर जन जागरूकता रैली को दी हरी झंडी।
राजेश कटियार, कानपुर देहात। जनपद के अकबरपुर विकासखंड में बुधवार को स्कूल चलो अभियान के द्वितीय चरण के अंतर्गत खण्ड शिक्षा अधिकारी मनोज कुमार सिंह की अध्यक्षता में जन जागरूकता रैलियों का अत्यंत भव्य और गरिमामयी शुभारंभ किया गया। मुख्य अतिथि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पाण्डेय द्वारा फीता काटकर और हरी झंडी दिखाकर इस महाअभियान की शुरुआत की गई। सर्वप्रथम पीएमश्री विद्यालय बाढापुर में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने फीता काटकर और हरी झंडी दिखाकर जन जागरूकता रैली को रवाना किया गया। इसके बाद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा नए नामांकित बच्चों का माल्यार्पण व तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत और अभिनंदन किया गया।
उपस्थित ग्रामवासियों और अभिभावकों को संबोधित करते हुए बीएसए ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार प्राथमिक शिक्षा के उन्नयन को लेकर अत्यंत गंभीर एवं प्रयत्नशील है। जिले के प्रत्येक विकासखंड में पीएमश्री विद्यालयों की स्थापना बदलते समाज की शैक्षिक आवश्यकताओं को पूरा करने की दिशा में एक अत्यंत सार्थक पहल है। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका कंचन यादव के कुशल मार्गदर्शन में बच्चों द्वारा शानदार प्रदर्शन किया गया। बच्चों ने अपनी कलात्मक क्षमता के जरिए यह प्रदर्शित किया कि उनका विद्यालय बदलते समाज की आधुनिक शैक्षिक आवश्यकताओं को किस प्रकार बखूबी पूरा कर रहा है।
कंपोजिट विद्यालय अकबरपुर कन्या में आयोजन, अधिकारियों का आगमन- पीएमश्री विद्यालय बाढापुर के बाद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और खंड शिक्षा अधिकारी का कारवां कंपोजिट विद्यालय अकबरपुर कन्या पहुंचा जहां अधिकारियों द्वारा नन्हे बच्चों को टीका लगाकर और माल्यार्पण कर उनका स्वागत किया गया। अधिकारियों ने बच्चों को दुलारते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगल कामना की। विद्यालय की छात्राओं द्वारा किए गए विभिन्न कलात्मक, इन्नोवेटिव और रचनात्मक कार्यों को देखकर अधिकारियों ने बच्चों के हुनर की मुक्तकंठ से सराहना की।
इस दौरान एआरपी अमित कुमार तिवारी, महाराज सिंह एवं ज्ञान बाबू , प्रधानाध्यापिका कंचन यादव, सुरेखा यादव, सुमन यादव, दिव्या सक्सेना, उमा देवी, दिनेश पाठक, सुधाकर विक्रम, प्रीति मिश्रा, संगीता पाण्डेय, कंचन मिश्रा, रेणु यादव, अमृता त्रिवेदी, संजय यादव, मनोज कुमार, समस्त गैर-शैक्षणिक स्टॉफ एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामवासी, जागरूक अभिभावक और विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
ये भी पढे- कानपुर देहात में टप्पेबाज महिला ने दो अलग-अलग ज्वैलरी की दुकानों से लाखों के गहने उड़ाए




