होमगार्ड परीक्षा में अभ्यर्थियों के ‘संकटमोचक’ बने सिविल डिफेंस वालिंटियर, स्टेशन से सीधे केंद्र तक पहुंचाई मदद
रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और प्रमुख चौराहों पर तैनात रही टीम।

कानपुर नगर: होमगार्ड भर्ती परीक्षा के दौरान कानपुर की सड़कों पर सिविल डिफेंस के वालिंटियर बाहर से आए परीक्षार्थियों के लिए फरिश्ता बनकर उभरे। चीफ वार्डन के निर्देशन में शहर के प्रमुख चौराहों, रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर तैनात इन वालिंटियर्स ने न केवल रास्ता भटके अभ्यर्थियों को सही दिशा दिखाई, बल्कि समय की कमी से जूझ रहे कई परीक्षार्थियों को अपनी स्कूटी और ई-रिक्शा से परीक्षा केंद्र तक पहुंचाकर उनका साल खराब होने से बचा लिया।
चीफ वार्डन राजीव सिंह ने बताया कि परीक्षा की दोनों पालियों के लिए शहर के टाट मिल, रावतपुर, फजलगंज, विजय नगर और सेंट्रल स्टेशन जैसे संवेदनशील पॉइंट्स पर कुल 144 वार्डन तैनात किए गए थे। जो अभ्यर्थी पहली बार शहर आए थे और परीक्षा केंद्र को लेकर असमंजस में थे, उन्हें वालिंटियर्स ने तुरंत सहायता प्रदान की।
वालिंटियर्स ने अभ्यर्थियों के लिए पेयजल की व्यवस्था की और स्टेशनरी खरीदने में भी मदद की। सिविल डिफेंस की इस सक्रियता और सेवा भावना ने प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूती देने के साथ-साथ शहरवासियों का दिल जीत लिया।
ये भी पढे-कानपुर में होमगार्ड भर्ती परीक्षा का शंखनाद जिलाधिकारी ने खुद परखा सुरक्षा चक्र



