शीतलहर के मद्देनज़र मंडलायुक्त ने किया रैन बसेरों का निरीक्षण, जरूरतमंदों को बांटे कंबल
शीतलहर के प्रकोप को देखते हुए प्रदेश सरकार के निर्देश पर आज रात कानपुर मंडल के मंडलायुक्त अमित गुप्ता ने नगर के विभिन्न रैन बसेरों, चुन्नीगंज बस स्टैंड के अलाव और अन्य सार्वजनिक स्थलों का औचक निरीक्षण किया।

कानपुर नगर: शीतलहर के प्रकोप को देखते हुए प्रदेश सरकार के निर्देश पर आज रात कानपुर मंडल के मंडलायुक्त अमित गुप्ता ने नगर के विभिन्न रैन बसेरों, चुन्नीगंज बस स्टैंड के अलाव और अन्य सार्वजनिक स्थलों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान श्री गुप्ता ने रैन बसेरों में उपलब्ध सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया और बाथरूम व शौचालयों की साफ-सफाई को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने रैन बसेरों का समय पर संचालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
मंडलायुक्त ने आश्रयहीन राहगीरों को कंबल बांटे और उन्हें सुरक्षित आश्रय गृहों तक पहुंचवाया। उन्होंने यह सुनिश्चित किया कि शहर में कोई भी व्यक्ति सड़क, डिवाइडर, पार्क या खुले आसमान के नीचे न सोए। उन्होंने कहा, “प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि सभी जरूरतमंद व्यक्तियों को समुचित आश्रय मिले। अलाव जलाने और कंबल बांटने की व्यवस्था पूरी तरह से सुचारू है।”
चुन्नीगंज बस स्टैंड और अन्य चिन्हित स्थलों पर अलाव जलाने की व्यवस्था को मंडलायुक्त ने स्वयं परखा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि शीतलहर के दौरान अलाव निरंतर जलते रहें और किसी भी जरूरतमंद को ठंड से परेशान न होना पड़े। शासन की इस पहल का उद्देश्य ठंड से बचाव के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना है ताकि प्रदेश के नागरिक सुरक्षित रहें।



