कानपुर देहात: अटेवा की 25 नवंबर को दिल्ली चलो की तैयारी बैठक संपन्न
पुरानी पेंशन बहाली मंच अटेवा की टीईटी से मुक्ति और पुरानी पेंशन बहाली के लिए आगामी 25 नवंबर को आयोजित दिल्ली रैली की तैयारी बैठक अकबरपुर स्थित जिला कार्यालय में की गई।

कानपुर देहात। पुरानी पेंशन बहाली मंच अटेवा की टीईटी से मुक्ति और पुरानी पेंशन बहाली के लिए आगामी 25 नवंबर को आयोजित दिल्ली रैली की तैयारी बैठक अकबरपुर स्थित जिला कार्यालय में की गई। प्रदेश सोशल मीडिया प्रभारी कुलदीप सैनी ने कहा कि एनएमओपीएस (नेशनल मूवमेंट फॉर ओल्ड पेंशन स्कीम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय कुमार बंधु के आवाहन पर जिले से अटेवा के बैनर तले पुरानी पेंशन बहाली और शिक्षकों पर जबरन थोपी जा रही टीईटी के विरोध में 25 नवंबर को पूरे भारत से लाखों शिक्षक और कर्मचारी दिल्ली पहुंचेंगे और अपनी आवाज बुलंद करेंगे।
जिला अध्यक्ष प्रदीप कुमार यादव ने कहा कि अटेवा लगातार निजीकरण के दुष्प्रभावों से कर्मचारियों और समाज को जागरूक करता रहा है। सुप्रीम कोर्ट का फैसला शिक्षकों की नौकरी लेकर आउटसोर्सिंग भर्ती की ओर मार्ग प्रशस्त करने वाला है। मंडल अध्यक्ष डॉ पंकज शंखवार ने व्यक्तिगत संवाद पर बल देते हुए अधिक से अधिक संख्या में शिक्षकों और कर्मचारियों से दिल्ली पहुंचने की अपील की।
इस दौरान जिला कोषाध्यक्ष अखिलेश पाल, जिला प्रवक्ता अनंत त्रिवेदी, जयश्री अवस्थी, के एस भारती, त्रिलोक चंद्र, सुखदेव बाबू, संजीव कटियार, महेंद्र सिंह, विवेक तिवारी, महाराज सिंह, मनोज कुलश्रेष्ठ, अर्पित सचान, गौरव कुमार, मनोज कुमार पाल आदि उपस्थित रहे।



