मत्स्य सम्पदा पहल: सिकंदरा में यमुना नदी में छोड़ी गईं 2 लाख मत्स्य अंगुलिकाएं
मंत्री अजीत सिंह पाल ने किया शुभारंभ, मछली उत्पादन बढ़ने के साथ पर्यावरण संरक्षण को मिलेगा बढ़ावा

कानपुर देहात। प्रधानमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना के तहत, आज कानपुर देहात के अमराहट कैनाल, तहसील सिकंदरा स्थित यमुना नदी में 2.00 लाख मत्स्य अंगुलिकाएं छोड़ी गईं। यह पहल न केवल मछली के उत्पादन को बढ़ाने, बल्कि नदी के पर्यावरण संरक्षण में भी सहायक सिद्ध होगी।
इस कार्यक्रम का शुभारंभ सूचना एवं प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार, अजीत सिंह पाल (विधायक, सिकंदरा) ने किया। उन्होंने उप जिलाधिकारी, सिकंदरा और मुख्य कार्यकारी अधिकारी मत्स्य, अशोक देवा के साथ मिलकर यमुना की धारा में रोहू, कतला और नैन प्रजाति की मत्स्य अंगुलिकाओं का संचय किया।
यह 2.00 लाख मत्स्य अंगुलिकाएं विशेष रूप से जनपद जालौन के कोच स्थित हैचरी से मंगवाई गई थीं। इस योजना का क्रियान्वयन क्षेत्र के मछुआरों के लिए आय के नए स्रोत पैदा करेगा और जलीय पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करेगा।



