कानपुर देहात में करंट लगने से युवक की मौत,एंबुलेंस कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप
कानपुर देहात में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। रसूलाबाद कोतवाली क्षेत्र के सुभाष नगर वार्ड नंबर 7 में गुरुवार दोपहर करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई।वह अपने घर में प्लाई बोर्ड लगा रहा था तभी करंट की चपेट में आ गया

- परिजनों में मचा कोहराम
- परिजनों ने पोस्टमार्टम कराए जाने से किया इंकार
पुखरायां।कानपुर देहात में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। रसूलाबाद कोतवाली क्षेत्र के सुभाष नगर वार्ड नंबर 7 में गुरुवार दोपहर करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई।वह अपने घर में प्लाई बोर्ड लगा रहा था तभी करंट की चपेट में आ गया।मृतक की पहचान स्वर्गीय शिवकुमार के 22 वर्षीय पुत्र अंकित के रूप में हुई है।गुरुवार दोपहर वह अपने घर में बिलजी के कट आउट के पास प्लाई बोर्ड लगा रहा था।तार जोड़ते समय अचानक वह करंट की चपेट में आकर बुरी तरह से झुलस गया।घटना की जानकारी होने पर परिजनों ने तत्काल एंबुलेंस को फोन किया लेकिन काफी देर तक एंबुलेंस न पहुंचने पर उन्होंने ई रिक्शा से अंकित को उपचार के लिए रसूलाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने परीक्षण उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया।परिजनों ने आरोप लगाया कि यदि एंबुलेंस समय पर पहुंची होती तो अंकित की जान बचाई जा सकती थी।परिजनों ने बताया कि अंकित फल की ठेली लगाकर परिवार का भरण पोषण करता था।तीन साल पहले उसकी शादी भंदेमऊ निवासी प्रगति से हुई थी।प्रगति इस समय अपने मायके में है।अंकित का एक आठ माह का बेटा भी है।सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टर ब्रजेश सिंह ने पुष्टि की है कि युवक को अस्पताल मृत अवस्था में लाया गया था।परिजनों ने करंट लगने से मौत की जानकारी दी है।अस्पताल प्रशासन ने घटना की सूचना पुलिस को दी।सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव के पंचनामा की कार्यवाही की।परिजनों द्वारा शव का पोस्टमार्टम कराए जाने से इनकार के चलते विधिक कार्यवाही के पश्चात शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिक छानबीन में करंट लगने से मौत की बात सामने आई है।परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराए जाने से इनकार कर दिया है।विधिक कार्यवाही के पश्चात शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।



