समाज के शैक्षिक उत्थान की दिशा में पहल: नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा ने कानपुर में किया धर्मशाला भवन का शिलान्यास
कानपुर के रायपुरवा में बनेगा महर्षि वाल्मीकि सुदर्शन धर्मशाला भवन, वर्चुअल माध्यम से हुई शुरुआत

लखनऊ/कानपुर। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने आज, 14 दिसंबर 2025 को कानपुर नगर के रायपुरवा क्षेत्र में बनने वाले महर्षि वाल्मीकि सुदर्शन धर्मशाला भवन का वर्चुअल माध्यम से शिलान्यास किया। यह भवन हरिजन सहायक समिति द्वारा निर्मित किया जा रहा है और इसका लक्ष्य समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों सहित समस्त समाज के शैक्षिक, सामाजिक और सांस्कृतिक विकास को गति देना है।
शिलान्यास के अवसर पर मंत्री ए.के. शर्मा ने जोर देकर कहा कि यह सामाजिक भवन समाज में एकता, समरसता और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देगा। उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि जैसे महान समाज सुधारक के नाम पर निर्मित यह भवन सामाजिक नवनिर्माण का सशक्त माध्यम बनेगा और समाज को नई दिशा प्रदान करेगा।
शैक्षिक गतिविधियों और सामाजिक आयोजनों का केंद्र बनेगा भवन
मंत्री शर्मा ने बताया कि भवन के पूर्ण होने के बाद यहां विवाह और अन्य पारिवारिक कार्यक्रमों के साथ-साथ सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजन किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त, सबसे महत्वपूर्ण यह है कि यहां विद्यार्थियों के लिए विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग, मार्गदर्शन कक्षाएं और शैक्षिक गतिविधियां संचालित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि इससे समाज के प्रतिभावान युवक-युवतियों को आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिलेगा और उनका आत्मविश्वास मजबूत होगा। उन्होंने शिक्षा और संस्कार को समाज की प्रगति की नींव बताते हुए कहा कि इन गतिविधियों से होनहार बालक-बालिकाओं का भविष्य उज्ज्वल होगा।
विधान परिषद सदस्य सलिल बिश्नोई और जनप्रतिनिधियों के सहयोग की सराहना
मंत्री ए.के. शर्मा ने विधान परिषद सदस्य सलिल बिश्नोई द्वारा भवन निर्माण हेतु प्रदान की गई ₹25 लाख की सहयोग राशि की सराहना की। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों का ऐसा सहयोग समाज सेवा की भावना को मजबूत करता है। उन्होंने हरिजन सहायक समिति के प्रयासों की भी प्रशंसा की। मंत्री शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार सर्वसमावेशी विकास के संकल्प के साथ कार्य कर रही है और यह भवन सामाजिक सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और सामूहिक उत्थान की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।
इस अवसर पर कानपुर नगर की मेयर प्रमिला पांडेय और महिला कल्याण एवं बाल विकास, पुष्टाहार राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला भी उपस्थित थीं।
ये भी पढ़े- कानपुर देहात भाजपा कार्यालय में जश्न! केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी बने प्रदेश अध्यक्ष



