कानपुर देहात: स्वादिष्ट तहरी बनाकर प्राथमिक विद्यालय रमऊ की राजकुमारी ने जीता प्रथम पुरस्कार
हरामऊ की रीना और कोरारी की बसंती रहीं दूसरे और तीसरे स्थान पर
- ईको पार्क में आयोजित की गई रसोईयां पाककला प्रतियोगिता
कानपुर देहात। पीएम पोषण एवं मध्यान्ह भोजन योजना के तहत रसोइयों को उनके कार्य के प्रति सजग और जागरूक करने के उद्देश्य से बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अजय कुमार मिश्रा के निर्देशन में परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत रसोइयों की जनपद स्तरीय पाक कला प्रतियोगिता मंगलवार को माती कलेक्ट्रेट स्थित ईको पार्क में संपन्न कराई गई। प्रतियोगिता में जनपद के प्रत्येक विकास खंड से 3 रसोइयों ने प्रतिभाग किया।
निर्णायक मंडल से जिला विद्यालय निरीक्षक कुलदीप वर्मा, सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन महेंद्र कुमार पांडेय, जीजीआईसी पुखरायां की प्रवक्ता कामिनी पाल, जीजीआईसी करसा की प्रवक्ता कुसुम देवी, खंड शिक्षा अधिकारी मनोज कुमार सिंह, एआरओ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरिमा सिंह ने प्रत्येक रसोईया को 30 मिनट का समय और एमडीएम के मेन्यू में निर्धारित कोई भी एक पकवान बनाने की चुनौती रखी। 3 चरणों के बाद राजपुर विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय रमऊ की राजकुमारी ने स्वादिष्ट तहरी बनाकर प्रथम, डेरापुर विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय हरामऊ की रीना द्वितीय और सरवनखेड़ा विकासखंड के उच्च प्राथमिक विद्यालय कोरारी की बसंती देवी तृतीय स्थान पर रही।
कार्यक्रम का संचालन कर रहे एसआरजी अनंत त्रिवेदी द्वारा प्रथम पुरस्कार के रूप में 3500 रुपए, द्वितीय पुरस्कार के रूप में 2500 रुपए और तृतीय पुरस्कार के रूप में 1500 रुपए खातों में भेजने की घोषणा की गई। बताया कि प्रतिभाग़ करने वाली सभी 30 रसोइयों को यात्रा भत्ता के रूप में 350 रुपए और शेष 27 रसोइयों को सांत्वना पुरस्कार के रूप में 300 रुपए उनके खातों में भेजे जाएंगे।
विजेता और प्रतिभागियों को निर्णायक समिति के सदस्यों ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उपस्थित रसोइयों को संबोधित करते हुए उपयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि महेंद्र कुमार पांडे ने कहा कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य रसोइयों को पाक कला के प्रति जागरूक करना, स्वच्छता के साथ भोजन बनाना व परोसना, भोजन पकाते समय पौष्टिक पदार्थों को संचित रख पाना, अल्युमिनियम के बर्तनों और कृत्रिम रंगों के प्रयोग से बचना, स्टील के बर्तनों के प्रयोग आदि को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम में जिला समन्वयक मध्यान्ह भोजन चौधरी देशवीर सिंह, डीसी सौरभ श्रीवास्तव, अश्वनी आनंद, देवेश धर द्विवेदी, एसआरजी संत कुमार दीक्षित, अजय कुमार गुप्ता, मो अंसार आदि उपस्थित रहे।
ये भी पढ़े- कानपुर देहात: नए साल और आगामी त्योहारों को लेकर धारा 163 लागू, हुड़दंगियों पर होगी सख्त कार्रवाई



