कानपुर देहात : डीबीटी से अभिभावकों द्वारा स्वेटर क्रय और प्रभावी निपुण आकलन पर बनी रणनीति
बीआरसी सरवन खेड़ा में प्रधानाध्यापकों की मासिक बैठक संपन्न

कानपुर देहात: आज सोमवार को ब्लॉक संसाधन केंद्र सरवनखेड़ा में खंड शिक्षा अधिकारी मनोज कुमार सिंह की अध्यक्षता में निपुण आकलन तथा शीतलहर को देखते हुए छात्र छात्राओं को प्रतिकूल मौसम से सुरक्षित रखने के संबंध में प्रधानाध्यापकों की बैठक का आयोजन किया गया। खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा विकास खंड के समस्त प्राथमिक विद्यालयों को निपुण बनाने हेतु महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई।
शीतलहर को देखते हुए प्रतिकूल मौसम में छात्र छात्राएं बीमार न हों इसके लिए स्पष्ट तौर पर आदेशित किया गया कि विभाग द्वारा प्रेषित डीबीटी राशि का उपयोग करते हुए सभी छात्र स्वेटर तथा मोजे जूते पहनकर विद्यालय आना सुनिश्चित करें। विभागीय कार्यों को समय से पूरा करते हुए जीरो पॉवर्टी, यू डाइस प्रोफाइल तथा इको क्लब सम्बंधित कार्यों को पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में एसआरजी अनंत त्रिवेदी ने आगामी निपुण आकलन हेतु तैयारी को प्रभावी बनाने हेतु रणनीति साझा की। निपुण लक्ष्य एप के माध्यम से शत प्रतिशत बच्चों के आकलन और कार्यपत्रको के माध्यम से ऑफलाइन आकलन पर बल दिया गया।
अर्धवार्षिक परीक्षा और निपुण आकलन के दौरान छात्रों की शत प्रतिशत उपस्थिति के लिए प्रेरित किया गया। अटल आवासीय योजना हेतु पात्र छात्रों के अधिक से अधिक आवेदन कराने की अपील की गई। एआरपी अंकित मिश्रा ने प्री प्राइमरी स्तर पर शासन द्वारा उपलब्ध अधिगम सामग्री को आंगनबाड़ी केंद्रों में उपलब्ध कराने और प्रभावी प्रयोग पर बल दिया।
शिक्षक शैलेश त्रिपाठी ने समय से चयन वेतनमान फारवर्ड करने की बात रखी। इस मौके पर एआरपी श्वेता बाजपेई, अंजलि शुक्ला एवं समस्त परिषदीय विद्यालयों के प्रधानाध्यापक विपिन त्रिवेदी, धर्मेंद्र सिंह, अभिषेक द्विवेदी, मनु श्रीवास्तव, सुनीता श्रीवास्तव, महेंद्र कटियार ज्योति शिखा मिश्रा, रामेंद्र सिंह, निरुपम तिवारी आदि उपस्थित रहे।
ये भी पढ़े- आरबीआई ने एकीकृत लोकपाल योजना में किया बड़ा बदलाव, 1 जुलाई 2026 से लागू होंगे नए नियम



