पुलिस की बड़ी कामयाबी: 40 साल से फरार चल रहा 70 वर्षीय शातिर अपराधी गिरफ्तार
पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर घेराबंदी कर उसे रनियां थाना क्षेत्र के मैथा तिराहे से दबोच लिया।

कानपुर देहात की रूरा थाना पुलिस ने अपराध नियंत्रण अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने लगभग चार दशकों से कानून की आँखों में धूल झोंक रहे एक वारंटी अभियुक्त को गिरफ्तार करने में कामयाबी पाई है। पकड़ा गया अभियुक्त आजाद सिंह (70 वर्ष) अपनी चल-अचल संपत्ति बेचकर फरार हो गया था और लंबे समय से ठिकाने बदल-बदल कर रह रहा था।
पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय के निर्देशन में वांछित और वारंटी अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अभियुक्त के खिलाफ माननीय उच्च न्यायालय द्वारा वर्ष 1987 के एक मामले में गैर-जमानती वारंट (धारा 25 आर्म्स एक्ट) जारी किया गया था। पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर घेराबंदी कर उसे रनियां थाना क्षेत्र के मैथा तिराहे से दबोच लिया।
1987 से पुलिस को दे रहा था चकमा
मूल रूप से मंगलपुर थाना क्षेत्र के ग्राम जुरिया का निवासी आजाद सिंह वर्तमान में कानपुर नगर के गुजैनी क्षेत्र में छिपकर रह रहा था। उसका आपराधिक इतिहास काफी पुराना है, जिसमें सिकंदरा थाने में दर्ज आर्म्स एक्ट और लूट (धारा 394/402) जैसे गंभीर मामले शामिल हैं। 40 साल बाद हुई इस गिरफ्तारी ने जनपद पुलिस की मुस्तैदी को साबित किया है।
पकड़े गए अभियुक्त का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। इस सफलता में थानाध्यक्ष अमित शुक्ला, उपनिरीक्षक रजनीश कुमार वर्मा और कांस्टेबल राहुल कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
ये भी पढ़े- औरैया: शंकराचार्य जी केवल एक संत नहीं, बल्कि करोड़ों सनातनियों की आस्था का केंद्र- शिवम जी महाराज



