सीएचसी अयाना में महिला स्वास्थ्य पर्यवेक्षक मंजू अवस्थी का भव्य व भावनात्मक विदाई समारोह संपन्न
इस अवसर पर सीएचसी परिवार की ओर से उन्हें आत्मीय सम्मान के साथ स्नेहपूर्ण विदाई दी गई।

विकास सक्सेना, औरैया। अयाना स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में महिला स्वास्थ्य पर्यवेक्षक के पद पर वर्षों तक निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ सेवाएं देने वाली श्रीमती मंजू अवस्थी के सम्मान में एक भव्य, गरिमामय एवं भावनात्मक विदाई समारोह का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर सीएचसी परिवार की ओर से उन्हें आत्मीय सम्मान के साथ स्नेहपूर्ण विदाई दी गई। समारोह की अध्यक्षता सीएचसी आयना के अधीक्षक डॉ. सुनील कुमार शर्मा ने की। उन्होंने श्रीमती मंजू अवस्थी को बुके एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित करते हुए कहा कि उन्होंने अपने लंबे सेवाकाल में कर्तव्यनिष्ठा और अनुशासन का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।
उन्होंने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने, टीकाकरण कार्यक्रमों को सफल बनाने तथा सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं को ग्रामीण स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने में उल्लेखनीय योगदान दिया। उनका अनुभव, कार्यशैली और व्यवहार स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। इस अवसर पर श्रीमती मंजू अवस्थी ने भी सीएचसी अधीक्षक डॉ. सुनील कुमार शर्मा को शाल ओढ़ाकर एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि अपने पूरे कार्यकाल के दौरान उन्हें अधीक्षक सहित समस्त चिकित्सकों, एएनएम और कर्मचारियों का भरपूर सहयोग एवं मार्गदर्शन मिला, जिसके चलते वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा के साथ कर सकीं। विदाई समारोह में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि श्रीमती मंजू अवस्थी ने प्रसव पूर्व एवं प्रसव पश्चात देखभाल, परिवार कल्याण कार्यक्रमों, महिला एवं बाल स्वास्थ्य सेवाओं तथा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने में सराहनीय भूमिका निभाई। उनका व्यवहार सदैव सहयोगात्मक रहा और उन्होंने जूनियर स्टाफ का मार्गदर्शन कर उन्हें कार्य के प्रति प्रेरित किया। समारोह के दौरान सीएचसी आयना की सभी एएनएम, तैनात चिकित्सकगण, बीपीएम चंद्रशेखर, बाबू राहुल कुमार सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने श्रीमती मंजू अवस्थी को माला पहनाकर सम्मानित किया और उनसे जुड़े अपने अनुभव साझा किए।
विदाई के समय माहौल भावुक हो गया और कई कर्मचारियों की आंखें नम हो गईं। अंत में श्रीमती मंजू अवस्थी ने कहा कि, “सीएचसी अयाना मेरे लिए केवल एक कार्यस्थल नहीं, बल्कि एक परिवार की तरह रहा है। यहां के अधिकारियों, कर्मचारियों और ग्रामीण क्षेत्र की जनता से मुझे जो स्नेह, सम्मान और सहयोग मिला है, उसे मैं जीवन भर संजोकर रखूंगी। स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में कार्य करना मेरे लिए सौभाग्य की बात रही है।”
कार्यक्रम का समापन उन्हें उज्ज्वल भविष्य एवं स्वस्थ जीवन की शुभकामनाओं के साथ किया गया। यह विदाई समारोह न केवल एक कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी के सम्मान का प्रतीक बना, बल्कि स्वास्थ्य विभाग में आपसी सहयोग, समर्पण और मानवीय संवेदनाओं की एक प्रेरक मिसाल भी प्रस्तुत करता नजर आया।



