कानपुर देहात: पुलिस अधीक्षक ने परखी गणतंत्र दिवस परेड की तैयारियां, पुलिस लाइन में हुआ भव्य रिहर्सल
पुलिस, होमगार्ड्स और एनसीसी टुकड़ियों ने किया भव्य मार्च पास्ट।

कानपुर देहात: जनपद कानपुर देहात में 77वें गणतंत्र दिवस के गौरवमयी अवसर पर आयोजित होने वाली रैतिक परेड को लेकर उत्साह चरम पर है। इसी क्रम में आज रिजर्व पुलिस लाइन में तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए परेड रिहर्सल का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने परेड का गहन निरीक्षण किया और सलामी ली। रिहर्सल के दौरान पुलिस बल की विभिन्न टुकड़ियों के कदमताल और अनुशासन ने आगामी मुख्य समारोह की भव्यता का अहसास कराया।
कदमताल से गूंजी पुलिस लाइन, दिखा राष्ट्रभक्ति का जज्बा
निरीक्षण के दौरान पुलिस की विभिन्न टुकड़ियों, होमगार्ड्स और एनसीसी कैडेट्स ने शानदार मार्च पास्ट किया। परेड की सुव्यवस्थित प्रस्तुति देख पुलिस अधीक्षक ने संतोष व्यक्त किया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि 26 जनवरी का दिन राष्ट्र के प्रति समर्पण का दिन है, इसलिए परेड में अनुशासन और ऊर्जा का उच्च स्तर दिखना चाहिए। उन्होंने प्रतिभागियों को गणतंत्र दिवस की गरिमा के अनुरूप उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
सुरक्षा और यातायात को लेकर दिए कड़े निर्देश
परेड निरीक्षण के साथ-साथ पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने मातहतों को निर्देशित किया कि 26 जनवरी के अवसर पर जिले भर में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी जाए। यातायात नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन और आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को लेकर उन्होंने संवेदनशील रहने के निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक राजेश पाण्डेय, क्षेत्राधिकारी लाइन्स प्रिया सिंह, क्षेत्राधिकारी रसूलाबाद सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।



