कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

कानपुर देहात के जस्ते के बर्तनों की चमकेगी दुनिया में धाक: राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने किया 10 दिवसीय ODOP प्रशिक्षण का शुभारंभ

400 लाभार्थियों को मिलेगा प्रशिक्षण; बिना ब्याज के लोन और सब्सिडी के साथ 'उद्यमी' बनेंगे स्थानीय कारीगर

कानपुर देहात। उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ‘एक जनपद एक उत्पाद’ (ODOP) के तहत जनपद के पारंपरिक जस्ते के बर्तन उद्योग को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए शनिवार को 10 दिवसीय टूलकिट प्रशिक्षण कार्यक्रम का भव्य आगाज हुआ। प्रदेश सरकार की **महिला कल्याण एवं बाल विकास पुष्टाहार राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिभा शुक्ला** ने फीता काटकर और माँ सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

देश-विदेश में पहुँचेंगे जनपद के जस्ते के बर्तन

समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि कानपुर देहात के जस्ते के बर्तन अपनी गुणवत्ता के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने बताया कि यहाँ के तैयार बर्तन देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी भेजे जा रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार सबका साथ-सबका विकास के मंत्र पर काम कर रही है, ताकि यहाँ के छोटे कारीगर प्रशिक्षण पाकर स्वयं का बड़ा रोजगार स्थापित कर सकें और ‘आत्मनिर्भर’ बन सकें।

400 लाभार्थियों का चयन, यूपीकॉन की देखरेख में ट्रेनिंग

यूपीकॉन (UPICON) के जिला समन्वयक आनंद कटियार ने बताया कि इस प्रशिक्षण के लिए जनपद से कुल 400 लाभार्थियों का चयन किया गया है। प्रशिक्षण के दौरान कारीगरों को आधुनिक तकनीक से बर्तन बनाने, उद्यमी बनने और व्यवसाय को बढ़ाने के गुण सिखाए जाएंगे। कार्यक्रम में मंत्री जी ने सभी प्रतिभागियों को ‘प्रशिक्षण किट’ वितरित की और उनके अनुभवों को साझा किया।

बिना ब्याज के लोन और 10% सब्सिडी की सौगात

जिला उद्योग केंद्र के उपायुक्त उद्योग मो. सऊद ने सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ‘मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना’ के तहत युवाओं को बिना ब्याज के ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है, साथ ही 10 प्रतिशत की सब्सिडी भी दी जा रही है। इसके अलावा प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम और मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के माध्यम से भी स्वरोजगार की असीम संभावनाएं हैं।

कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित

इस अवसर पर प्रबंधक अजय यादव, यूपीकॉन से मुहीब इदरीसी, मास्टर ट्रेनर संजना, विजय, देवेंद्र राजपूत, नरेंद्र कुमार, नेहा, अमर, धर्मेन्द्र, प्रीती और रिशु सहित विभाग के अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में प्रतिभागी उपस्थित रहे।

 

 

Related Articles

AD
Back to top button