कानपुर देहात: यमुना में डूबते युवक को बचाया, पुलिसकर्मी और तैराक बने हीरो
कांस्टेबल अक्षेश कुमार और शाबिर को थाना प्रभारी रीना गौतम ने अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया
कानपुर देहात के मूसानगर में यमुना नदी में डूब रहे एक युवक की जान बचाने का साहसिक कार्य सामने आया है। मंदिर में तैनात कांस्टेबल अक्षेश कुमार और स्थानीय तैराक शाबिर ने तुरंत कार्रवाई कर युवक को मौत के मुंह से बाहर निकाला। थाना प्रभारी रीना गौतम ने दोनों की बहादुरी को सराहते हुए उन्हें सम्मानित किया।
यह घटना शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे मूसानगर स्थित मां मुक्तेश्वरी मंदिर के पीछे यमुना के मुक्तादेवी घाट पर हुई। गजनेर थाना क्षेत्र के बखरिया सेरुआ निवासी राकेश मंदिर में दर्शन करने के बाद नहाने के लिए घाट पर पहुंचे थे। इस घाट पर स्नान प्रतिबंधित है, फिर भी लोग यहां आते रहते हैं।
नदी में तेज बहाव के कारण राकेश डूबने लगे और मदद के लिए चीखने लगे। मंदिर में ड्यूटी पर तैनात कांस्टेबल अक्षेश कुमार ने तुरंत गढ़ निवासी तैराक शाबिर को बुलाया। शाबिर ने बिना समय गंवाए नदी में कूदकर राकेश को सुरक्षित किनारे पर निकाल लिया।
थाना प्रभारी रीना गौतम ने दोनों की सराहना की और उन्हें अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया। उन्होंने लोगों से अपील भी की कि प्रतिबंधित घाटों पर स्नान करने से बचें और अपनी जान को जोखिम में न डालें।
ये भी पढे- मूसानगर में यमुना घाट पर नहाते समय युवक की डूबकर मौत,प्रतिबंधित क्षेत्र में हुआ हादसा



