कानपुर देहात- यूपी पुलिस सीधी भर्ती परीक्षा: क्षेत्राधिकारियों ने केंद्रों का लिया जायजा, सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता
आरक्षी नागरिक पुलिस भर्ती परीक्षा को पारदर्शी और नकलविहीन बनाने के लिए कानपुर देहात पुलिस मुस्तैद

कानपुर देहात में आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती परीक्षा-2025 को सकुशल, शांतिपूर्ण और नकलविहीन संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। आगामी 8 से 10 जून 2026 तक आयोजित होने वाली इस लिखित परीक्षा के मद्देनजर रविवार को विभिन्न क्षेत्राधिकारियों (CO) ने अपने-अपने क्षेत्रों के परीक्षा केंद्रों का गहन स्थलीय निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
निरीक्षण के इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी अकबरपुर संजय कुमार सिंह द्वारा अकबरपुर डिग्री कॉलेज व अकबरपुर इंटर कॉलेज का जायजा लिया गया। वहीं, क्षेत्राधिकारी भोगनीपुर राजीव सिरोही ने श्री कृष्ण औद्योगिक इंटर कॉलेज मोहम्मदपुर, श्री रामस्वरूप ग्रामोद्योग इंटर कॉलेज भोगनीपुर और विवेकानंद राष्ट्रीय इंटर कॉलेज पुखरायां का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश द्वारों पर अभ्यर्थियों की सघन चेकिंग प्रणाली, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता और ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल की मुस्तैदी को बारीकी से परखा। अधिकारियों ने स्टाफ को सख्त निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता, नकल या संदिग्ध गतिविधि पाए जाने पर तत्काल कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाए।
इसके अतिरिक्त, क्षेत्राधिकारी यातायात संजय गुप्ता ने परीक्षा के दौरान सुचारु आवागमन और बेहतर समन्वय व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लाइन में स्थापित कंट्रोल रूम का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने यातायात और निगरानी व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के लिए संबंधित कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए। जनपदीय पुलिस द्वारा सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है और कानून व्यवस्था को अक्षुण्ण रखने के लिए सतत निगरानी की जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा में किसी भी स्तर पर गड़बड़ी या नकल को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस दौरान पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।



