कानपुर देहात में सेंगुर नदी में मिले अज्ञात युवती के शव की हुई शिनाख्त
कानपुर देहात के मंगलपुर थाना क्षेत्र में सेंगुर नदी में मिले अज्ञात शव की शिनाख्त हो गई है।मृतका की पहचान चंद्कुरा गांव निवासी 20 वर्षीय ज्योति के रूप में हुई है

पुखरायां।कानपुर देहात के मंगलपुर थाना क्षेत्र में सेंगुर नदी में मिले अज्ञात शव की शिनाख्त हो गई है।मृतका की पहचान चंद्कुरा गांव निवासी 20 वर्षीय ज्योति के रूप में हुई है।युवती कई दिनों से लापता थी और सोमवार को उसका शव नदी से बरामद किया गया था।शव की हालत बेहद खराब होने के कारण मामला रहस्यमय बना हुआ है।पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची थी।उस समय शव की शिनाख्त नहीं हो सकी थी क्योंकि शव सड़ी गली अवस्था में था और चेहरा बुरी तरह क्षतिग्रस्त था।पुलिस ने शव की पहचान मंगलपुर थाना क्षेत्र के चंद्कुरा निवासी 20 वर्षीय ज्योति के रूप में की है।परिजनों के मुताबिक बीते शुक्रवार को परिवार के अधिकांश सदस्य एक शादी समारोह में गए थे।ज्योति घर पर अपनी भाभी के साथ थी लेकिन रात में वह कहीं चली गई।अगले दिन घर पर न मिलने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।परन्तु काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला।सोमवार को सेंगुर नदी में शव मिलने की सूचना के बाद परिजन मौके पर पहुंचे और कपड़ों के आधार पर ज्योति की शिनाख्त की।शव का चेहरा बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण पहचान करना मुश्किल हो रहा था।परिजनों का कहना है कि शव की स्थित देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा है कि चेहरे को जानबूझकर क्षतिग्रस्त किया गया ताकि पहचान मिटाई जा सके।परिजनों ने अभी तक किसी पर भी आरोप प्रत्यारोप नहीं लगाया है।वहीं ग्रामीणों ने प्रेम प्रसंग के चलते हत्या की आशंका जताई है।थाना प्रभारी महेश दुबे ने बताया कि शव की शिनाख्त कर ली गई है।शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट के पश्चात मृत्यु के सटीक कारणों का पता चल सकेगा।पुलिस मामले के हर पहलू पर जांच कर रही है।साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।



